यूपी चुनाव 2022: विपक्ष को बूथों से ही पटकनी देने की तैयारी में भाजपा, संभलने से पहले ही हमला करने का खाका खींचा
कोरोना काल में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिये भाजपा यह संदेश देने में कामयाब रही कि सत्ता में होने के बावजूद दुख व कठिन समय में वह जनता के साथ खड़ी है। दूसरी ओर विपक्ष न सिर्फ बिखरा हुआ है, बल्कि अभी तक वह सरकार के विरुद्ध कोई मुद्दा नहीं बना पाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी विधानसभा चुनाव में अभी आठ महीने से ज्यादा का वक्त है, लेकिन भाजपा ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में चुनावी एजेंडे का खाका खींचा गया। इसमें प्रदेश में दूसरी बार सरकार के लिए वर्ष 2022 में विपक्ष को बूथों से पटकनी देने का तानाबाना बुना गया है।
इसके अनुसार पार्टी कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच भेजकर कोरोना की संभावित तीसरी लहर की चुनौतियों से निपटने में उनके साथ भाजपा के खड़े होने का संदेश छिपा है। साथ ही उन्हें जनता की समस्याओं व सरोकारों पर विपक्ष की नकारात्मक भूमिका का एहसास दिलाने की रणनीति भी है।
कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस आक्रामकता से आतंकवाद, उग्रवाद, लव जिहाद जैसे मुद्दों पर विपक्ष को कठघरे में खड़ा किया है। वहीं सरकार के फैसलों और अयोध्या, मथुरा व काशी जैसे हिंदू सरोकारों से जुड़े स्थलों के विकास के साथ कोरोना काल में श्रमिकों व गरीबों की मदद को लेकर जनता तक पहुंचने का भी खाका खींचा है।
उधर संगठन ने भी जो कार्यक्रम व अभियान तय किया है, वह भी आम आदमी तक पहुंचने का ही रास्ता है। खास तौर पर बूथ से लेकर वार्ड, मोहल्लों व गांवों तक सरकार के फैसलों की जानकारी देने, कोरोना प्रभावितों की मदद के लिए गांव-गांव स्वास्थ्य स्वयंसेवकों की नियुक्ति आदि पर फोकस करके यह संकेत भी दिया गया है कि पार्टी की रणनीति विपक्ष को सक्रिय होने से पहले जनता की निगाह में कठघरे में खड़ा कर देने की है।
कठिन वक्त में जनता के साथ होने का दिया संदेश
कोरोना काल में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिये भाजपा यह संदेश देने में कामयाब रही कि सत्ता में होने के बावजूद दुख व कठिन समय में वह जनता के साथ खड़ी है। दूसरी ओर विपक्ष न सिर्फ बिखरा हुआ है, बल्कि अभी तक वह सरकार के विरुद्ध कोई मुद्दा नहीं बना पाया है।
राजनीतिक व आर्थिक विश्लेषक प्रो. एपी तिवारी भी कहते हैं कि संगठनात्मक ढांचा की दिक्कत हो या कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता अथवा अन्य कोई कारण, लेकिन विपक्ष केंद्र व प्रदेश सरकार के किसी फैसले के विरोध में अभी तक टिकाऊ व जनता को उद्वेलित करने वाला माहौल नहीं बना पाया है। ऊपर से विपक्ष जिन कुछ मुद्दों को लेकर भाजपा पर हमला बोल रहा है, उससे सत्तारूढ़ दल को नुकसान तो दूर उल्टे फायदा मिलने की ज्यादा संभावना है।
जबकि भाजपा ने विपक्ष पर लगातार इसी बात को लेकर हमला किया जा रहा है कि कोरोना काल के दौरान विपक्ष ने बयानबाजी के अलावा कुछ नहीं किया है। विपक्ष भाजपा के इस आरोप की काट करते नहीं दिख रहा है। उल्टे उसके फैसलों से खुद यह संदेश चला जा रहा है कि उसे सिर्फ वर्ष 2022 के चुनाव की चिंता है।
कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के कुछ नेताओं ने अलग-अलग मुद्दों पर सरकार का विरोध किया, लेकिन वह सिर्फ एक-दो दिन ही चर्चा में रह पाया। यही नहीं आंतकी घटनाओं, धर्मांतरण व लव जिहाद पर विपक्ष के नेताओं के बयानों ने राष्ट्रवाद व हिंदुत्व के मुद्दे पर भाजपा के छवि को और मजबूत कर दी।
भाजपा को पता है विपक्ष की कमजोरियां
भाजपा को विपक्ष की कमजोरियां पता है। इसलिए पार्टी के रणनीतिकारों ने कार्यसमिति के जरिए योगी सरकार बनने के बाद प्रदेश में भाजपा की स्थिरता और हर बूथ पर 60 प्रतिशत से ज्यादा वोट जुटाने का मिशन लेकर आए अमित शाह के एजेंडे को आगे बढ़ा दिया है।
शाह ने सपा व बसपा मुक्त बूथ का नारा दिया है। पार्टी के रणनीतिकार विपक्ष को संभलने का मौका देने से पहले ही उस पर फिर आक्रमण कर देना चाहते हैं। इसके लिए कार्यसमिति ने जन प्रतिनिधियों से लेकर कार्यकर्ताओं तक को चुनाव तक लगातार जनता के बीच रखने का खाका खींच लिया है।