दो अक्टूबर को गांधी संकल्प यात्रा की शुरुआत करेंगे पीएम मोदी, गांव-गांव मथेंगे भाजपा कार्यकर्ता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा ने सांसदों को अगले एक महीने का एजेंडा सौंपते हुए ‘गांधी संकल्प पदयात्रा’ के जरिये गांव-गांव संपर्क और संवाद करने की जिम्मेदारी सौंपी है। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर 2 अक्तूबर से सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 31 अक्तूबर तक प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में चलने वाली 150 किमी की ‘संकल्प पदयात्रा’ के जरिये पार्टी ने गांधी व पटेल के सरोकारों के सहारे भी लोगों से सेवाकार्यों के जरिये रिश्तों की डोर मजबूत करने की जिम्मेदारी सांसदों पर डाली है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अक्तूबर को दिल्ली में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर जाकर ‘गांधी संकल्प पदयात्रा’ की शुरुआत करेंगे। पदयात्रा की समाप्ति पर 31 अक्तूबर को ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन होगा।
अमित शाह ने भी सौंपी जिम्मेदारी
एक के बाद एक अभियानों के जरिये जमीनी पकड़ व पहुंच को मजबूत बनाने में जुटी भाजपा के सांसदों की शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में एक महीने के काम का एजेंडा उन्हें सौंपा गया। केंद्रीय गृहमंत्री व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सांसदों और बैठक में मौजूद पदाधिकारियों, सांसदों के प्रतिनिधियों को अभियान के बारे में बताया।
साथ ही पर्यावरण संरक्षण और वातावरण को प्रदूषण मुक्त करने, जल संरक्षण तथा प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक को लेकर भी सांसदों, विधायकों और पार्टी से जुड़े अन्य प्रतिनिधियों को इन मामलों पर लोगों को जागरूक करने का जिम्मा सौंपा। जिन क्षेत्रों में सांसद नहीं हैं, वहां राज्यसभा सदस्य या पार्टी की तरफ से तय कोई वरिष्ठ पदाधिकारी पदयात्रा कर इस काम की जिम्मेदारी उठाएगा।
करों में छूट का लाभ आम लोगों को भी
शाह ने पदयात्रा के दौरान करों में छूट के फैसले से आम लोगों को होने वाले लाभों की जानकारी हर घर तक पहुंचाने को कहा। कहा, लोगों को बताएं कि केंद्र सरकार ने करों में छूट की घोषणा करते हुए जो 1.45 लाख करोड़ रुपये की राहत दी है, उसका लाभ सिर्फ बड़े उद्यमियों को ही नहीं बल्कि आम लोगों को भी होगा। शाह ने आह्वान किया कि केंद्र व प्रदेश सरकार की अन्य जनकल्याणकारी तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर शुरू की गई योजनाओं और फैसलों के बारे में लोगों को बताएं।
प्लास्टिक मुक्त अभियान
पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभी सांसदों से क्षेत्र में रहकर लोगों के साथ लगातार संपर्क व संवाद रखने को कहा। प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह ने बताया कि प्रत्येक जन प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में 15 दिन की पदयात्रा करेगा।
इस दौरान स्वच्छता, खादी, सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति और पौधरोपण कार्यक्रमों के जरिये महात्मा गांधी के सिद्धांतों के बारे में लोगों को बताया जाएाग। सभाओं, स्वदेशी बाजार और प्रभातफेरी जैसे कार्यक्रमों से भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। इनमें सभी सांसद, विधायक, एमएलसी, जिला अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे।
गांधी जयंती पर दो किलोमीटर दौड़ेंगे
2 अक्तूबर को इस अभियान की शुरुआत में पार्टी के पदाधिकारी, सांसद और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में दो किलोमीटर दौड़ेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने हिदायत दी है कि पदयात्रा के दौरान लोगों से सामाजिक बुराइयों को त्यागने, तंबाकू और शराब से बचने, ईमानदारी से व्यापार करने तथा कुरीतियों को खत्म करने की अपील करें।
लोगों को बापू की कहानियां सुनाई जाएं और खादी महोत्सव हों। इस दौरान सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम दो किलोमीटर क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाना है। इससे पहले 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भी प्रदेश के 1.65 लाख बूथों पर भाजपा के लोग सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग के नुकसान समझाएं।
जम्मू-कश्मीर पर भी करेंगे जागरूक
केंद्रीय गृहमंत्री ने पदयात्रा करने वालों को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35 ए की समाप्ति की वजह समझाने की जिम्मेदारी भी सौंपी है। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी और प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल भी बैठक में शामिल थे। बैठक में ज्यादातर सांसद शामिल हुए। कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी हिस्सा लिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी बैठक में मौजूद रहीं जबकि वरुण गांधी नहीं आ पाए।