विधान परिषद चुनाव : विधान परिषद की दो रिक्त सीटों के लिए भाजपा और सपा प्रत्याशियों ने किया नामांकन
यूपी विधान परिषद के लिए दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों पदमसेन चौधरी और मानवेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नामांकन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विधान परिषद की रिक्त दो सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के आखिरी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों व नेताओं की मौजूदगी में भाजपा प्रत्याशी पदमसेन चौधरी और मानवेंद्र सिंह ने दो-दो सेट में अपने पर्चे दाखिल किए। वहीं सपा की तरफ से रामकरन निर्मल और रामजतन राजभर ने सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, मुख्य सचेतक मनोज पांडेय समेत कई विधायकों की मौजूदगी में नामांकन किया। हालांकि, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव नामांकन में मौजूद नहीं थे।
बताते चलें कि भाजपा के विधान परिषद सदस्य रहे लक्ष्मण प्रसाद आचार्य के सिक्किम के राज्यपाल बनने और बनवारी लाल के निधन के बाद दो सीटें रिक्त हो गई थीं। बृहस्पतिवार को भाजपा के पदमसेन चौधरी और सपा के रामकरन निर्मल ने लक्ष्मण प्रसाद आचार्य के इस्तीफे से रिक्त हुई सीट के लिए नामांकन किया है। इसी तरह बनवारी लाल के निधन के बाद रिक्त हुई सीट के लिए भाजपा के मानवेंद्र सिंह और सपा के रामजतन राजभर ने नामांकन किया है। दोनों दलों के प्रत्याशियों ने विशेष सचिव विधानसभा और चुनाव अधिकारी मोहम्मद मुशाहिद को अपने नामांकन पत्र सौंपे। भाजपा प्रत्याशियों ने विधानसभा में संख्या बल अधिक होने की वजह से अपनी जीत सुनिश्चित होने का दावा किया। उन्होंने भाजपा और उसके समर्थक दलों के विधायकों के अलावा अन्य दलों के विधायकों के वोट मिलने की उम्मीद जताई। वहीं, सपा प्रत्याशियों ने दावा किया कि सदन के दलित, वंचित, अल्पसंख्यक सदस्य हमारे साथ हैं।
ये भी पढ़ें - बसपा की समीक्षा बैठक: मायावती ने दिए निर्देश, 'वोट हमारा राज तुम्हारा नहीं चलेगा' अभियान गांव-गांव चलाएं
ये भी पढ़ें - सपा विधान परिषद चुनाव के लिए घोषित किए उम्मीदवार, आज ही करेंगे नामांकन
सोमवार को नामांकन वापसी का आखिरी दिन
दोनों दलों के प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों का शुक्रवार को परीक्षण होगा, जबकि सोमवार को नामांकन पत्रों की वापसी का अंतिम दिन है। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 29 मई को दोनों रिक्त सीटों के लिए मतदान होगा, इसी दिन मतगणना भी होगी। मतदान में विधानसभा के समस्त सदस्य हिस्सा लेंगे। दोनों रिक्त सीटों का कार्यकाल अलग-अलग होने की वजह से चुनाव में विधानसभा के सभी सदस्यों को अलग-अलग मतदान करना होगा। बताते चलें कि सिक्किम का राज्यपाल बनने के बाद भाजपा के विधान परिषद सदस्य लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने 15 फरवरी को इस्तीफा दे दिया था। लक्ष्मण प्रसाद आचार्य का कार्यकाल 30 जनवरी 2027 तक था। वहीं, बनवारी लाल दोहरे की 15 फरवरी को मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद एक सीट और रिक्त हो गई। बनवारी लाल दोहरे का कार्यकाल छह जुलाई 2028 तक था।
विधानसभा में दलों का संख्या बल
भाजपा-255
सपा-109
कांग्रेस-2
बसपा-1
अपना दल (सोनेलाल)-13
निषाद पार्टी-6
रालोद-9
सुभासपा-6
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक-2