Lucknow News: कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत... दो भाई घायल, ई-रिक्शा पलटने से चालक की मौत
राजधानी लखनऊ में अलग-अलग जगहों पर हादसे हुए। एक हादसे में कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि दो भाई घायल हो गए। वहीं ई-रिक्शा पलटने से चालक की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी लखनऊ के दुबग्गा इलाके में एक बाइक पर तीन भाई काम से घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक की सामने से कार से टक्कर हो गई। हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि, दो भाई घायल हो गए। हादसे के वक्त मृतक बाइक चला रहा था। उसने हेलमेट पहन रखा था।
हादसा दुबग्गा स्थित अंधे की चौकी के पास हुआ। रहीमाबाद अंटाखेड़ा जमुलिया गांव निवासी दिलीप ने बताया कि चचेरा भाई अशोक (24), बड़े भाई अनिल और सुनील के साथ मजदूरी करने जाता था। शनिवार को तीनों काम करके बाइक से घर लौट रहे थे।
पुलिस ने घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया
अंधे की चौकी के पास बाइक की सामने से एक कार से टक्कर हो गई। इससे तीनों भाई घायल हो गए। टक्कर से बाइक, कार में फंसकर घिसटती हुई काफी दूर तक चली गई। कुछ दूर जाने के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया।
यह भी पढ़ेंः- अब्बास अंसारी की विधायकी खत्म: सीट घोषित हुई रिक्त, छुट्टी के दिन खुला सचिवालय... चुनाव आयोग को भेजी गई सूचना
इसके साथ ही उनके पास से मिले मोबाइल से नंबर लेकर परिजनों को खबर दी। इलाज के दौरान अशोक की मौत हो गई। वहीं अनिल व सुनील की हालत गंभीर बताई जा रही है। अशोक के परिवार में पिता भगवानदीन खेती करते हैं। मां गंगा देई गृहणी हैं।
ई-रिक्शा का निकला पहिया... गिरकर चालक की मौत
दूसरा हादसा मड़ियांव इलाके में हुआ। यहां शनिवार को एक ई-रिक्शा का पिछला पहिया अचानक निकल गया। इससे ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में मड़ियांव सबेरी होटल निवासी चालक स्वामी दीन मौर्य (60) की मौत हो गई।
स्वामी दीन मौर्य मूल रूप से लखीमपुर के सुभाष नगर का रहने वाला था। यहां दामाद जितेंद्र के घर रहता था। बेटे पिंटू ने बताया कि पिता शनिवार दोपहर ई-रिक्शा चलाने के लिए गए थे। भिठौली क्रॉसिंग के पास ई-रिक्शा का पिछला पहिया निकल गया और ई रिक्शा पलट गया। इसके बाद स्वामी दीन सड़क पर गिर गए। उनके सिर पर चोट लग गई। पुलिस ने उनको ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां उनकी मौत हो गई। परिवार में पत्नी चंद्रावती व तीन बेटियां हैं।