जिला अस्पताल में भर्ती मरीज को देखकर घर लौट रहे बोलेरो सवार लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने बारामासी बाजार के पास टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। चीख-पुकार के बाद पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस कर्मियों ने क्षतिग्रस्त बोलेरो में फंसे सभी लोगों को गेट व शीशा तोड़कर बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पूर्व प्रधान समेत पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।
ट्रॉमा सेंटर में एक और मौत
हादसे में घायल एक युवक को चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। एक साथ छह लोगों की मौत की सूचना के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूर्व प्रधान के भाई की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया है।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरे गणेशलाल मजरे भरेथा निवासी कल्पनाथ (45) पूर्व में ग्राम प्रधान रह चुके हैं। वर्तमान समय में उनकी पत्नी मिथिलेश देवी ग्राम प्रधान हैं। पूर्व प्रधान कल्पनाथ कश्यप सोमवार की रात संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती दूधनाथ पाल को देखकर बोलेरो से अपने बड़े भाई धीरज कश्यप (49), चचेरे भाई बैजनाथ कश्यप (45), गांव के ही श्रीचंद कश्यप (48) और क्षेत्र के टोला मजरे हथकिला निवासी सुरेंद्र कश्यप (42) के साथ घर लौट रहे थे।
बोलेरो को मनोज कुमार उर्फ मोनू यादव (25) निवासी पूरे विंध्यालाल मजरे गुंगवाछ चला रहा था। रात करीब 10 बजे सभी लोग प्रतापगढ़-जगदीशपुर मार्ग स्थित बारामासी बाजार के पास पहुंचे थे तभी यूरिया खाद से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद आस-पास मौजूद लोगों की सूचना के बाद पहुंचे पुलिस कर्मियों ने क्षतिग्रस्त बोलेरो में फंसे सभी लोगों को गेट व शीशा तोड़कर बाहर निकाला।
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी को संयुक्त जिला अस्पताल गौरीगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पूर्व प्रधान कल्पनाथ, उनके भाई धीरज, श्रीचंद, सुरेंद्र और जीप चालक मनोज कुमार को मृत घोषित कर दिया जबकि बैजनाथ की गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में बैजनाथ की भी मौत हो गई।