यूपी: सरकारी शिक्षकों के लिए बड़ा मौका, ‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड 2026’ से होंगे सम्मानित; ऐसे करें आवेदन, पूरा अपडेट
यूपी में सरकारी शिक्षकों के लिए बड़ा मौका है। सीखो सिखाओ फाउंडेशन (एसएसएफ) की ओर से ‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। आगे पढ़ें और जानें पूरा अपडेट...
विस्तार
राजधानी लखनऊ में सीखो सिखाओ फाउंडेशन (एसएसएफ) की ओर से सरकारी शिक्षकों को 'सीखो सिखाओ अवॉर्ड 2026' दिया जाएगा। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में शिक्षक पुरस्कार, विद्यालय पुरस्कार, ग्राम पंचायत पुरस्कार, बीआरसी पुरस्कार और बालिका शिक्षा पुरस्कार दिया जाएगा।
पहली चार श्रेणियों के पुरस्कार सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली के मुख्य स्तंभों में उत्कृष्टता की पहचान कराएंगे, जबकि राज्य स्तरीय 'बालिका शिक्षा पुरस्कार' उस शिक्षक को सम्मानित करेगा जो शिक्षित और सशक्त बालिका के दृष्टिकोण को सर्वोत्तम रूप से प्रस्तुत करता है। इन पुरस्कारों का एक सह-उद्देश्य सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली में उभरते हुए प्रभावी और विस्तारित किए जा सकने वाले अभ्यासों का दस्तावेजीकरण कर, एक 'स्टेट प्लेबुक' तैयार करना होगा।
सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स उत्सव मनाने की एक कोशिश
सीखो सिखाओ फाउंडेशन की संस्थापक अनुपमा डालमिया ने बताया कि हमने सीखो सिखाओ की शुरुआत इस साधारण विश्वास के साथ की थी कि शिक्षा में स्थायी परिवर्तन केवल एक संगठन से नहीं आ सकता। यह तब आता है जब शिक्षक, अभिभावक, समुदाय और सरकारी संरचनाएं एक साथ मिलकर काम करती हैं और बच्चे की शिक्षा की जिम्मेदारी लेती हैं। सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स इस सामूहिक प्रयास का उत्सव मनाने और इसे मजबूत करने वाले लोगों को सम्मानित करने की एक कोशिश है।
डालमिया भारत फाउंडेशन के सीईओ अशोक गुप्ता ने कहा, कि शिक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता ऐसी पहलों का समर्थन करने में निहित है जो सामुदायिक स्तर पर स्थायी प्रभाव सृजित करती हैं। सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स उन लोगों और अभ्यासों पर ध्यान केंद्रित करते हैं जो पूरे उत्तर प्रदेश में इस बदलाव को गति दे रहे हैं।
ऐसे करें आवेदन...
सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स 2026 के लिए आवेदन 21 अगस्त 2026 से शुरू होकर 20 सितंबर 2026 तक किए जा सकते हैं। ऑनलाइन नामांकन www.seekhosikhao.org पर सबमिट किए जा सकते हैं। नामांकनों का मूल्यांकन चार भौगोलिक क्षेत्रों पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और पूर्वांचल के आधार पर किया जाएगा। इसमें प्रत्येक क्षेत्र से प्रति श्रेणी एक विजेता और एक उपविजेता का चयन किया जाएगा।
राज्य स्तरीय 'बालिका शिक्षा पुरस्कार' के साथ मिलकर, यह पहला संस्करण पूरे राज्य से 17 विजेताओं और 16 उपविजेताओं को सम्मानित करेगा। पहले सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स के विजेताओं की घोषणा 26 नवंबर 2026 संविधान दिवस पर लखनऊ में आयोजित एक समारोह में की जाएगी।