कोरोना संकट के बाद ही होगा अयोध्या में राममंदिर का भूमिपूजन: चंपत राय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोमवार को स्पष्ट किया कि कोरोना संकट को लेकर देश में लगा लॉकडाउन समाप्त होने के बाद ही राममंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों भूमिपूजन होगा। पहले 30 अप्रैल को शुभमुहूर्त तय था, मगर अब ट्रस्ट की अगली बैठक से पहले संतों से नई तिथियों पर परामर्श के बाद ही भूमिपूजन की घोषणा होगी।
ट्रस्ट की ओर से कहा गया कि फिलहाल रामलला से नित्य प्रार्थनाएं की जा रही है कि कोरोना का समूल नाश कर पूरे विश्व को महामारी से मुक्ति दिलाएं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने प्रधानमंत्री के हाथों गर्भगृह में ऑनलाइन वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए भूमिपूजन की अटकलों को खारिज करते हुए सोमवार को कारसेवकपुरम् में कहा कि 30 अप्रैल को संभावित भूमि पूजन पर कोरोना ने ग्रहण लगा दिया है। उनकी तैयारी थी कि अप्रैल के अंत में मंदिर के भूमि पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया जाए लेकिन आज देश में जो रोग फैला है, उस पर नियंत्रण कैसा है, इसपर कार्यक्रम का आयोजन निर्भर करेगा।
उन्होंने कहा, ‘हम इसकी अनदेखी नहीं कर सकते। समाज और जनसामान्य का जीवन बहुत महत्वपूर्ण है। परिस्थितियां बता रही हैं कि लॉकडाउन बढ़ना स्वाभाविक है। यदि 30 अप्रैल के दो चार दिन पहले भी लॉक डाउन खत्म होता है, तब भी इतनी जल्दी तैयारी नहीं हो पाएगी। कार्यक्रम में दूर-दूर से लोगों को आना है, उन्हें संदेशा भी भेजना पड़ेगा।’
पीएम मोदी के साथ ही मोहन भागवत के भी मौजूद रहने की संभावना
चंपत राय ने कहा कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के भी मौजूद रहने की संभावना है, लेकिन इस बारे में अंतिम निर्णय कोरोना महामारी की स्थिति को ध्यान में रख कर लिया जाएगा। ट्रस्ट की अगली बैठक भी तभी होगी, जब कोरोना नियंत्रण में आ जाएगा।
ट्रस्ट के महासचिव ने कहा इस समय किसी भी कार्यक्रम के बारे में सोचना उचित नहीं है। देश प्राणघातक महामारी से जूझ रहा है। इस पर विजय प्राप्त करना पहली प्राथमिकता है। इस पर विजय प्राप्त कर लिया तो, दुनिया के लिए भारत आइडियल होगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कोविड 19 के खिलाफ भारत के एक्शन की दुनिया तारीफ कर रही है। पीएम मोदी ने जिस तरह इस महामारी पर हल्ला बोला है, यदि दुनिया के बड़े देश व अमेरिका प्रारंभ से ऐसा करते तो वह अपने लोगों की रक्षा ठीक से कर पाते।