बेनी के बोल! मोदी नौटंकी, शाह हैं अपराधी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनाव आयोग की बार-बार दी जाने वाली चेतावनी को दरकिनार करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गोंडा लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी बेनी प्रसाद वर्मा ने एक बार नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है।
उनका कहना है कि भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नेता नहीं बल्कि एक नौटंकी हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के पास बात करने के लिए कोई मुद्दा नहीं है।
वह पीएम पद के उम्मीदवार बन तो गए हैं लेकिन उनके पास भविष्य को लेकर कोई योजना नहीं है इसलिए वह यूपीए की अध्यक्षा सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना करते हैं।
श्री वर्मा ने कहा कि मोदी को लगने लगा है कि उनकी सरकार नहीं बन पाएगी इसलिए वह बेवजह कांग्रेस पर आरोप मढ़ रहे हैं और ओछी राजनीति कर रहे हैं।
कांग्रेस को ही कठघरे में खड़ा कर दिया
गोमतीनगर स्थित अपने आवास पर आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में बेनी प्रसाद ने अपनी ही पार्टी को कठघरे में खड़ा कर दिया।
बेनी ने कहा कि बाबरी मस्जिद और गोधरा कांड में शामिल आरोपियों को अब तक सजा नहीं मिली है, इसके लिए कांग्रेस भी जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि लेकिन अब इस गलती को सुधारते हुए एक फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन होना चाहिए और जल्द से जल्द से दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
भाजपा पर बरसे लेकिन सपा पर साधी चुप्पी
बेनी प्रसाद इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने भाजपा के यूपी प्रभारी अमित शाह को भी आड़े हाथों लिया।
उन्होंने शाह पर कहा, वह एक अपराधी हैं और ऐसे लोगों को चुनाव से दूर ही रहना चाहिए। उन्होंने शाह के चुनाव प्रचार पर रोक लगाए जाने की मंशा व्यक्त की।
दिलचस्प बात यह रही कि एक तरफ बेनी भाजपा पर जुबानी वार कर रहे थे लेकिन सपा सरकार पर चुप थे। जब उनसे सपा पर टिप्पणी करने को कहा गया तो जवाब मिला, नो कमेंट।
मोदी को खूनी कहा था बेनी ने
इससे पहले भी बेनी प्रसाद वर्मा का भाजपा हमला करते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को हत्यारा करार दिया था।
उन्होंने कहा था, मोदी जब 18 साल के थे, तब एक खून करके घर से भाग गए थे।
जब मीडियाकर्मियों ने बेनी से इस बाबत सुबूत की मांग की तो बेनी ने कहा, मोदी कई साल से गुजरात के सीएम हैं और उन्होंने सारे सुबूत मिटा दिए होंगे।
अब देखना होगा चुनाव आयोग का रुख इस पर क्या होता है?