बहराइच हिंसा: दो और मुकदमे हुए दर्ज, 52 उपद्रवी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल, दो शिफ्टों में तैनात किये गये अधिकारी
Bahraich Violence : यूपी के बहराइच जिले में हुई हिंसा में अब तक 52 उपद्रवियों को जेल भेज दिया गया है। मंगलवार को दो और मुकदमे दर्ज हुए। अधिकारियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में लगी है।
विस्तार
बहराइच में सांप्रदायिक हिंसा भड़काने में शामिल 52 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। बहराइच पुलिस ने इस प्रकरण में दो मुकदमे और दर्ज किए हैं। एसपी बहराइच वृंदा शुक्ला ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में उच्च अधिकारियों के साथ गश्त की जा रही है। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं।
बता दें कि हिंसा पर काबू पाने के लिए सीएम योगी के निर्देश पर एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश, गृह सचिव संजीव गुप्ता, एडीजी जोन गोरखपुर केएस प्रताप कुमार, मंडलायुक्त देवीपाटन शशि भूषण सुशील आदि अधिकारियों ने मौके पर जाकर एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए, जिससे हालात पर काबू पाया जा सका। हिंसा से प्रभावित इलाकों को नौ सेक्टर में विभाजित कर पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों की दो शिफ्टों में तैनात किया गया है।
इन इलाकों में आने-जाने वालों की चेकिंग और पूछताछ जारी है। बहराइच की डीएम मोनिका रानी ने बताया कि हिंसा प्रभावित इलाकों में प्रधान, कोटेदार, लेखपाल, सचिव आदि की ड्यूटी भी लगाई गई है, जो ग्रामीणों से वार्ता करके जानकारियां जुटा रहे हैं। जनता की मदद के लिए एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। हिंसा से प्रभावित परिवारों को राहत किट प्रदान दी जा रही है। राजस्व टीम द्वारा नुकसान का सर्वे किया जा रहा है ताकि प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद की जा सके।
उपद्रवियों की खंगाली जा रही हिस्ट्रीशीट
दो शिफ्टों में तैनात किये गये अधिकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच की घटना का संज्ञान लेने के बाद स्थिति को कंट्रोल में करने के लिए उच्च अधिकारियों को ग्राउंड जीरो पर भेजा था। सीएम योगी के निर्देश के बाद एडीजी लॉ एंड आर्डर अमिताभ यश, गृह सचिव संजीव गुप्ता, एडीजी जोन गोरखपुर, आईजी रेंज, डीआईजी, मंडलायुक्त देवीपाटन शशि भूषण सुशील ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को कंट्रोल किया। वहीं स्थिति के कंट्रोल हाेते ही उपद्रवियों की तलाश तेज की गयी। मंडलायुक्त देवीपाटन शशि भूषण सुशील ने बताया कि पूरे शहर में शांति व्यवस्था कायम है। उन्होंने बताया कि घटना से प्रभावित इलाकों को नौ सेक्टर में विभाजित कर पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इन सभी सेक्टर में पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों की दो शिफ्टों में तैनात किया गया है, जो इन एरिया में लगातार गश्त कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। इसके अलावा प्रभावित एरिया में नौ बैरियर बनाये गये हैं। इनके जरिये इन इलाकों में आने-जाने वालों की चेकिंग और पूछताछ की जा रही है।
स्थापित किया गया कंट्रोल रूम, प्रभावितों की मदद को कराया जा रहा सर्वे
बहराइच डीएम मोनिका रानी ने बताया कि घटना से प्रभावित इलाकों में लोगों से कम्यूनिकेशन मजबूत करने के लिए प्रधान, कोटेदार, लेखपाल, सचिव आदि की ड्यूटी लगायी गयी है। यह सभी गांववासियों से लगातार बातचीत कर रहे हैं। साथ ही उनकी समस्याएं और घटना को लेकर अन्य जानकारियां जुटा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यहां पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसके जरिये लोगों की मदद की जा रही है। घटना से प्रभावित परिवार को राहत किट प्रदान की गयी है। साथ ही राजस्व टीम द्वारा नुकसान का सर्वे किया जा रहा है ताकि प्रशासन की ओर से उनकी हर संभव मदद की जा रही है। इसके अलावा इन इलाकों में साफ सफाई का काम चल रहा है।
उपद्रवियों की खंगाली जा रही हिस्ट्री
एडीजी लॉ एंड आर्डर अभिताभ यश ने बताया कि घटना में लिप्त उपद्रवियों की धर पकड़ की जा रही है। उन्होंने बताया कि उपद्रवियों की हिस्ट्री खंगालने के लिए एक्स्ट्रा इंटेलिजेंस टीम लगायी गयी है। वहीं उपद्रवियाें के पिछले ट्रैक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ उनके मुकदमों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे शहर के साथ प्रभावित इलाकों में लगातार फोर्स का मूमेंट हो रहा है। इसके अलावा कुछ संदिग्धों पर विशेष टीम द्वारा नजर रखी जा रही है। एडीजी लॉ एंड आर्डर ने बताया कि बहराइच में अतिरिक्त वरिष्ठ अधिकारी सेक्टरवार गश्त कर रहे हैं।