बहराइच: सड़क पर खड़ी बाइक के विवाद में पूर्व सांसद पर हुआ हमला, एक्शन मोड में आई पुलिस; 13 को भेजा जेल
Attack on former MP in Bahraich: बहराइच के पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड पर हमले की वजह सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने 13 आरोपियों को जेल भेज दिया है।
विस्तार
पूर्व सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोंड पर रविवार को मांगलिक कार्यक्रम के दौरान हुए जानलेवा हमले का कारण एएसपी ग्रामीण डीपी तिवारी ने सड़क पर बाइक खड़ा करने के विवाद हो बताया है। मंगलवार को एएसपी ने वीडियो बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। साथ ही पुलिस ने हमले में शामिल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर अन्य की तलाश में दबिश शुरू की है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के मटेही कला गांव निवासी राम सरोज पाठक के यहां जनेऊ संस्कार था। जिसमें शामिल होने के लिए पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड भी शामिल होने गए थे। जहां विवाद हुआ था। जिसके संबंध में राम सरोज पाठक की तहरीर पर आठ नामजद व 30 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है और सीओ मिहींपुरवा हर्षिता तिवारी विवेचना कर रही हैं। विवेचना के दौरान पूर्व सांसद पर हमले का मूल कारण रास्ते में खड़ी बाइक को हटाने के दौरान हुई कहासुनी सामने आई है। इस प्रकरण में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। शेष की तलाश में दबिश दी जा रही है।
ग्रामीणों में मदरसे व अवैध अतिक्रमण पर जारी कार्रवाई के विरोध में हमले की चर्चा
पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड पर हुए हमले के बाद से चर्चाओंं का बाजार गर्म है। ग्रामीणों में सीमा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मदरसों व सरकारी जमीन पर हुए कब्जे पर हो रही बुलडोजर कार्रवाई के आक्रोश में सांसद पर हमला करने की चर्चा थी, लेकिन विवेचना में सामने आए तथ्य में बाइक खड़ा करने का विवाद सामने आया। इसी के बाद पहले के तथ्य व चर्चाओंं पर विराम लग गया है।
ये था पूरा मामला
मोतीपुर थाना क्षेत्र के मटेही कला निवासी राम सरोज पाठक के यहां रविवार को जनेऊ संस्कार कार्यक्रम था। जिसमें शामिल होने के लिए पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड पहुंचे थे। इस दौरान गांव निवासी शाहिद अली, नियाज, शाहिद अली द्वितीय, नैप्यारे, सन्नो बेगम, आसमा, सबीना, बाबू उर्फ सगीर व अज्ञात 30 से अधिक लोग लाठी-डंडा व धारदार हथियार के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे और सांसद पर जानलेवा हमले का प्रयास किया था। सुरक्षा गार्डों व कार्यकर्ताओं ने सांसद को बचाया, लेकिन इस दौरान कार्यकर्ता व सुरक्षा गार्ड घायल हो गए। सभी ने सांसद को एक कमरे में बंद कर दिया। राम सरोज ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया था। लेकिन ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा होने पर जान से मारने की धमकी देते हुए हथियार लहराते हुए चले गए थे।