बेटे को चुनाव जिताने के लिए आजम खां ने गिरवाया था पुल, राज्यपाल ने डिप्टी सीएम को लिखा पत्र
उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने रामपुर स्थित लालपुर का नया पुल बनवाने और गैरकानूनी तरीके से पुराना पुल गिराने वाले दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए उपमुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।
कांग्रेस नेता फैसल खान लाला ने राज्यपाल राम नाईक से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। फैसल ने कहा कि अंग्रेजों के जमाने का लालपुर का पुल आजम खां की सियासत की भेंट चढ़ा गया।
कांग्रेस नेता ने कहा तहसील टांडा के लाखों लोग पुराने पुल से होकर शहर आते थे, जबकि नया पुल पुराने पुल से दूर हटाकर बनाने का काम शुरू किया गया था। आजम ने अपने राजनीतिक फायदे के लिए बिना नया पुल बनवाए पुराने लालपुर के पुल को इसलिए तुड़वा दिया क्योकि वह अपने बेटे अब्दुल्ला आजम को पुल के उसपार स्वार-टांडा विधानसभा से चुनाव लड़ाना चाहते थे।
अचानक साल 2017 आम विधानसभा चुनाव से ठीक छह महीने पहले आजम के इशारे पर पुल को गिरा दिया गया। इसके बाद आजम ने जनसभाओं में टांडा के लाखों वोटरों को ब्लैकमेल करते हुए कहा कि यदि अब्दुल्ला चुनाव नहीं जीता तो तुम्हारा पुल नही बन सकेगा।
आजम ने न सिर्फ पुल धवस्त करवाया बल्कि उसका करोड़ो का मालवा, गार्डर्स आदि सामान जौहर ट्रस्ट को मुफ्त में दे दिया। पुल टूटने के कारण तहसील टांडा के करीब पांच लाख लोगों का संपर्क जिला मुख्यालय से आज तक कटा हुआ है। इसलिए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
साथ ही लालपुर के नए पुल को जल्द बनवाने के लिए कांग्रेस नेता फैसल खान लाला ने आठ जुलाई को लखनऊ राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा था जिस पर राज्यपाल राम नाईक ने संज्ञान लेते हुए सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या को पत्र लिखकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।