{"_id":"6653f9467d9d5b8b07095583","slug":"ayodhya-young-man-caught-with-a-weapon-on-ramlala-s-darshan-route-security-agencies-are-interrogating-him-2024-05-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"अयोध्या: रामलला के दर्शन मार्ग पर असलहे के साथ दबोचा गया युवक, पूछताछ कर रही सुरक्षा एजेंसियां","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अयोध्या: रामलला के दर्शन मार्ग पर असलहे के साथ दबोचा गया युवक, पूछताछ कर रही सुरक्षा एजेंसियां
Mon, 27 May 2024 08:38 AM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला संवाद, अयोध्या
अमर उजाला संवाद, अयोध्या
Published by: रोहित मिश्र
Updated Mon, 27 May 2024 08:38 AM IST
सार
Ram Mandir: अयोध्या में रामलला दर्शन मार्ग पर रविवार को एक युवक अवैध पिस्टल के साथ दबोच लिया गया। पुलिस, एसटीएफ व खुफिया विभाग के अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ की।
विज्ञापन
अयोध्या राम मंदिर पथ।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रामलला के दर्शन मार्ग पर एक युवक को पुलिस ने अवैध पिस्टल के साथ दबोच लिया है। उसके साथ आए दो अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया गया है। हालांकि, साथियों के पास कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है। मुख्य आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिस, एसटीएफ व खुफिया विभाग के अधिकारी आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं।
विज्ञापन
थानाध्यक्ष रामजन्मभूमि देवेंद्र पांडेय ने बताया कि रविवार की दोपहर लगभग 12:15 बजे रामलला के दर्शन मार्ग पर श्रद्धालुओं की जांच की जा रही थी। इस बीच तीन युवक बिड़ला धर्मशाला के सामने से प्रवेश करके तीर्थयात्री सुविधा केंद्र तक पहुंच गए। जांच के दौरान एक युवक के पास से अवैध पिस्टल मिली। युवक की पहचान वाराणसी के लालपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर निवासी सुमित सिंह के रूप में हुई। तीनों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उनसे काफी देर तक पूछताछ की गई।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला कि आरोपी सुमित सिंह वाराणसी के एक बड़े होटल में कर्मचारी है। लालपुर थाना क्षेत्र निवासी उसके दोस्त राहुल सोनकर ने 25 मार्च को अपनी बिरयानी की दुकान पर हवाई फायरिंग की थी। मामले में उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। वह इस समय जमानत पर है। उस समय फायरिंग में प्रयुक्त अवैध पिस्टल बरामद नहीं हुई थी, बल्कि वही पिस्टल लेकर सुमित घूमता था। उसी पिस्टल को लेकर वह रामलला के दर्शन करने भी आ पहुंचा, जहां उसे दबोच लिया गया। सुमित सिंह का अब तक कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है, लेकिन उसका बैकग्राउंड खंगाला जा रहा है। सीसीटीवी के जरिये भी उनकी गतिविधियों को खंगाला जा रहा है।
विज्ञापन
सुरक्षा एजेंसियों के खड़े हुए कान
हाई सिक्योरिटी जोन में अवैध असलहा लेकर युवक के पहुंचने के बाद सुरक्षा एजेंसियों के भी कान खड़े हो गए हैं। पुलिस के अलावा एसटीएफ, एटीएस, आईबी समेत अन्य खुफिया एजेंसियों की टीम व उच्चाधिकारियों ने मामले की बारीकी से जांच शुरू की है। परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी अलर्ट किया गया है।