{"_id":"62b581b810ee1b681b313bf9","slug":"ayodhya-news-dead-body-of-two-youths-of-pratapgarh-found-in-pit-fear-of-murder","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ayodhya News : प्रतापगढ़ के दो युवकों की हत्या कर शव गड्ढे में फेंका, दुकान का सामान लेने सुल्तानपुर के लिए निकले थे युवक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ayodhya News : प्रतापगढ़ के दो युवकों की हत्या कर शव गड्ढे में फेंका, दुकान का सामान लेने सुल्तानपुर के लिए निकले थे युवक
Fri, 24 Jun 2022 05:31 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
संवाद न्यूज एजेंसी, अमर उजाला, अयोध्या
संवाद न्यूज एजेंसी, अमर उजाला, अयोध्या
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Fri, 24 Jun 2022 05:31 PM IST
सार
युवकों के शरीर में चोट के निशान भी पाए गए हैं। एक युवक के कान से खून बहता हुआ मिला तो दूसरे युवक के पीठ पर भी चोट के निशान थे। पुलिस का मानना है कि युवकों की कहीं अन्यत्र हत्या करके शव को यहां फेंका गया है।
विज्ञापन
शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अयोध्या में हैदरगंज थाना क्षेत्र के मनऊपुर गांव के पास शुक्रवार की सुबह दो अज्ञात युवकों का शव गड्ढे में पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर जांच-पड़ताल शुरू किया और सोशल मीडिया के जरिए शवों की शिनाख्त कराने की कोशिश किया। बाद में मृतकों की पहचान प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र निवासी युवकों के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों युवकों की हत्या कर शव यहां फेंकने की आशंका जताई है। मृतकों के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलने का दावा किया है।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के मनऊपुर गांव के पास शुक्रवार की सुबह सड़क के किनारे गड्ढे में दो युवकों का शव देखा गया। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची हैदरगंज पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाया और छानबीन शुरू किया। मौके पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, सीओ बीकापुर मनोज कुमार यादव भी कई थानों की पुलिस लेकर पहुंचे और स्थानीय लोगों से शवों की शिनाख्त कराने की कोशिश किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस ने मृतकों की फोटो आसपास के जिलों में वायरल कराया। सोशल मीडिया के जरिए सूचना मिलने पर कुछ देर बाद मृतकों की पहचान हुई। परिजनों को सूचित किया गया और दोपहर तक परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
विज्ञापन
शवों की शिनाख्त रवीकांत मोदनवाल (25) पुत्र रामकृष्ण निवासी साहबगंज बाजार, थाना लालगंज, जिला प्रतापगढ़ व मनोज कुमार मोदनवाल (32) पुत्र स्व. भगवान दास निवासी साहबगंज बाजार, थाना लालगंज, जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। परिजनों द्वारा शवों की पहचान करने के बाद पुलिस ने शवों को सील करके पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए प्रतापगढ़ जनपद की पुलिस से भी समन्वय स्थापित करके छानबीन की जा रही है। घटना के अनावरण के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।
विज्ञापन
शरीर में थे चोट के निशान, कान से निकला था खून
युवकों के शरीर में चोट के निशान भी पाए गए हैं। एक युवक के कान से खून बहता हुआ मिला तो दूसरे युवक के पीठ पर भी चोट के निशान थे। पुलिस का मानना है कि युवकों की कहीं अन्यत्र हत्या करके शव को यहां फेंका गया है।
प्रतापगढ़ में मिठाई की दुकान चलाता था एक युवक
पुलिस के अनुसार परिजनों से अब तक हुई पूछताछ में पता चला है कि मृतकों में से एक युवक प्रतापगढ़ में मिठाई की दुकान चलाता था। दोनों युवक आपस में मित्र बताए गए हैं। गुरुवार की सुबह करीब 08:30 बजे दुकान से वह लोग सुल्तानपुर जिले में दुकान का सामान लाने के लिए कहकर निकले थे। देररात तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू किया। इधर, शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे सोशल मीडिया के जरिए जानकारी हुई और फोटो की पहचान करके सभी लोग अयोध्या पहुंचे हैं।
मृतकों के शरीर पर कोई गंभीर घाव तो नहीं मिले हैं, लेकिन चोट के कुछ निशान हैं। संभवत: युवकों को बाहर से लाकर यहां फेंक दिया गया है। फोरेंसिक टीमों के साथ कई टीमें जांच में लगाई गई हैं। परिजनों ने भी अभी किसी तरह की आशंका नहीं जताई है। पूछताछ की जा रही है। उम्मीद है कि शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
-अतुल कुमार सोनकर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अयोध्या