दीपोत्सव से राममय हुई अयोध्या, हर तरफ हर्षोल्लास का माहौल, मेहमानों का आना जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य व दिव्य मंदिर का सदियों पुराना सपना साकार होने ही वाला है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमिपूजन व शिलान्यास करेंगे। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर में गणमान्य व्यक्तियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत व योग गुरू बाबा रामदेव अयोध्या पहुंच चुके हैं। देर रात तक कई अन्य लोग भी पहुंचेंगे।
वहीं, राम मंदिर निर्माण के लिए सोमवार से ही अयोध्या में अनुष्ठानों का दौर शुरू हो चुका है। 21 वैदिक आचार्यों ने सोमवार सुबह 9 बजे यजमान महेश भरतचक्रा को संकल्प दिलाते हुए पूजन प्रारंभ किया। मंगलवार को रामार्चा पूजा हो रही है, जिसे डॉ.रामानंद दास करा रहे हैं। कल भूमिपूजन के दिन अयोध्या, मथुरा, काशी व दिल्ली के आचार्य पूजन कराएंगे।
उधर, शाम से ही राम की नगरी अयोध्या दीपोत्सव के साथ ही भक्तिभाव में डूब गई। सरयू के तट पर लंबी कतारें बनाकर दीपमालिकाएं तैयार की गईं और इन्हें प्रज्वलित किया गया। इसके साथ ही नगर में लोग अपने घरों में दीप जलाकर, रामायण व सुंदरकांड का पाठ कर रहे हैं।
भूमि पूजन के अवसर पर बंटेंगे सवा लाख रघुपति लड्डू
राममंदिर भूमिपूजन समारोह के अवसर पर पटना का महावीर मंदिर ट्रस्ट सवा लाख से ज्यादा रघुपति लड्डू बांटेगा। इनमें से 51 हजार लड्डू रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपा जाएगा। बाकी के लड्डू बिहार में सीतामढ़ी स्थित जानकी की जन्मभूमि में मंदिरों को भेजे जाएंगे। महावीर मंदिर के ट्रस्टी आचार्य किशोर कुणाल ने कहा, अयोध्या में भूमि पूजन के अवसर पर सवा लाख लड्डू रघुपति लड्डू के नाम से बांटे जाएंगे। कुणाल ने बताया कि पांच अगस्त को बिहार में भगवान राम और हनुमान के श्रद्धालुओं के बीच ये लड्डू बांटे जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि महावीर मंदिर ट्रस्ट पहले ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को दो करोड़ रुपये का दान दे चुका है। हमारा ट्रस्ट कुल 10 करोड़ रुपये दान देगा। हम अयोध्या में रामरसोई मुफ्त में चला रहे हैं।
महाराष्ट्र भाजपा मुख्यालय में भी होगा कार्यक्रम का आयोजन
राम मंदिर के भूमि पूजन की खुशी में महाराष्ट्र भाजपा भी मुख्यालय में भी कार्यक्रम का आयोजन करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। वहां सभी लोग अयोध्या में चल रहे कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखेंगे।
मंदिर के डिजाइन को संशोधित किया गया
अयोध्या में बनने वाला राम मंदिर अपने मूल डिजाइन से आकार में दोगुना होगा। मंदिर का नक्शा तैयार करने वाले आर्किटेक्ट चंद्रकांतभाई सोमपुरा ने बीते शुक्रवार को बताया था कि पिछले साल आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मंदिर के डिजाइन को संशोधित किया गया है।
हनुमानगढ़ी में निशान पूजन के साथ ली गई भूमि पूजन की अनुमति
मंगलवार को हनुमानगढ़ी में हनुमान जी के निशान का विधि विधान पूर्वक पूजन किया गया। मान्यता है कि हनुमान जी अयोध्या में राजा के रूप में विराजमान है। इसलिए किसी भी शुभ कार्य से पहले उनकी अनुमति लेनी आवश्यक होती है। इसी मान्यता के चलते मंगलवार को हनुमानगढ़ी में विधि-विधान पूर्वक हनुमानगढ़ी के निशान की पूजा अर्चना कर राम मंदिर की भूमि पूजन की अनुमति ली गई।
राम जन्मभूमि परिसर में रामार्चा पूजन का भी शुभारंभ
हनुमानगढ़ी के निर्वाणी अनी अखाड़ा के महासचिव गौरी शंकर दास ने बताया कि सुबह 9 बजे हनुमान जी के निशान को निकालकर गद्दी दलान में लाया गया। जहां विधि विधान पूर्वक निशान का पूजन अर्चन किया गया। इसके बाद हनुमान जी की आरती उतारी गई और भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। निशान पूजन के अवसर पर विहिप के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक दिनेश चंद्र, अशोक तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे। वहीं दूसरी तरफ राम मंदिर में शुरू हुए तीन दिवसीय अनुष्ठान के दूसरे दिन राम जन्मभूमि परिसर में रामार्चा पूजन का भी शुभारंभ मंगलवार को हो गया है । महंत डॉ रामानंद दास के आचार्यत्व में रामार्चा पूजन का शुभारंभ विधि विधान पूर्वक किया गया।
पीएमओ ने जारी कीं प्रस्तावित राम मंदिर की तस्वीरें
प्रधानमंत्री ऑफिस की ओर से प्रस्तावित राम मंदिर की तस्वीरें जारी की गई हैं। इन तस्वीरों के माध्यम से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि राम मंदिर कितना भव्य और सुंदर प्रतीत होगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के लिए वेदाचार्य संदीप शर्मा का चयन
श्री राम जन्म भूमि शिलान्यास कार्यक्रम मैं 21 वेद के विद्वानों का चयन किया गया है। इन विद्वानों में रबूपुरा कस्बे के वेदाचार्य संदीप शर्मा का भी चयन किया गया है।
कलराज मिश्र ने दी पीएम को बधाई
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने पीएम मोदी को विशेष रूप से बधाई दी है। उनका कहना है कि राम जन्मभूमि पर राम मंदिर बनाने का सपना साकार हो रहा है और प्रतिबद्धता पूरी हो रही है।
विशेष डाक टिकट जारी करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में करीब ढाई घंटे तक रहेंगे। भूमि पूजन से पहले वह हनुमानगढ़ी जाएंगे और फिर वह मंदिर स्थल का दौरा करेंगे। इसके सााथ ही वह विशेष डाक टिकट जारी करेंगे। पूजा के बाद पीएम मोदी देशवासियों को संबोधित कर सकते हैं।
हर अतिथि को दिया जाएगा चांदी का सिक्का
अयोध्या में हर अतिथि को चांदी का सिक्का दिया जाएगा। जिसमें राम दरबार तीर्थ क्षेत्र का प्रतीक चिन्ह होगा, भूमिपूजन में शामिल अतिथियों को यह सिक्का मिलेगा। सिक्का श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट देगा।
भूमि पूजन से पहले कमलनाथ हुए भगवाधारी ट्विटर की प्रोफाइल पिक्चर बदली
पांच अगस्त यानी बुधवार को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन करेंगे। इसके बाद मंदिर निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। ऐसे में भूमि पूजन से पहले मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपनी ट्विटर प्रोफाइल पिक्चर बदल ली है। नई तस्वीर में वे भगवा चोला पहने हुए नजर आ रहे हैं। कांग्रेस नेता ने मंगलवार को अपनी तस्वीर बदली और लिखा. 'श्रीराम के हनुमान करो कल्याण।'
कार्ड के कोड से मिलेगा प्रवेश
आमंत्रण पत्र भेजने की शुरूआत सोमवार को अयोध्या से हुई है। बाहर के सभी अतिथियों को फोन से सूचनाएं दी गई हैं, वे जब आज शाम तक यहां पहुंच जाएंगे तो खास सिक्योरिटी कोड से युक्त निमंत्रण कार्ड दिया जाएगा। कार्ड के सिक्योरिटी कोड की अहमियत भी समझाई और कहा कि एक कार्ड पर एक व्यक्ति ही आ सकता है, उसके साथ न कोई सहयोगी होगा न ही किसी तरह का इलेक्ट्रानिक डिवाइस, उपकरण या मोबाइल आदि होगा।
राम सबमें हैं, राम सबके साथ हैं: प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की ओर से राम मंदिर भूमिपूजन पर बयान जारी किया गया है। प्रियंका ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि भूमिपूजन का कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का अवसर बनना चाहिए। प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘सरलता, साहस, संयम, त्याग, वचनवद्धता, दीनबंधु राम नाम का सार है। राम सबमें हैं, राम सबके साथ हैं। भगवान राम और माता सीता के संदेश और उनकी कृपा के साथ रामलला के मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का अवसर बने।
विनय कटियार बोले, भव्य होगा कार्यक्रम
विनय कटियार का कहना है कि हमें निमंत्रण मिला है और हम इस कार्यक्रम में जरूर जाएंगे। उनका कहना था कि हमारा सपना पूरा होने वाला है। जिन लोगों ने संघर्ष में जान खोई है उनकी आत्मा को शांति मिलेगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे आडवाणी, जोशी और कल्याण
लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और कल्याण सिंह जैसे बुजुर्ग नेता कोरोना महामारी के चलते वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह जानकारी सूत्रों ने दी। हालांकि पांच अगस्त को होने वाले कार्यक्रम के लिए अभी तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, संघ प्रमुख मोहन भागवत समेत कुछ ही नामों की आधिकारिक पुष्टि हुई है।