Ram Mandir: पांच लाख श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन, भीड़ नियंत्रण के लिए CM ने खुद संभाली कमान
अयोध्या के मंडल आयुक्त गौरव दयाल ने बताया कि मंदिर का मुख्य मार्ग रामपथ दिनभर श्रद्धालुओं से अटा रहा। उत्साह इस कदर था कि सुबह भीषण शीतलहर के बावजूद हजारों श्रद्धालु सर्पाकार कतारों में भक्तिभाव में लीन होकर मंदिर खुलने का इंतजार करते दिखे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अगले दिन मंदिर मंगलवार को जब श्रद्धालुओं के लिए खुला, तो रामभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर खुलने का समय सुबह सात बजे है, लेकिन रामजन्मभूमि पथ पर तड़के तीन बजे से ही श्रद्धालु डट चुके थे। भक्तों की आस्था ने दर्शन का भी नया रिकॉर्ड बनाया। मंगलवार को पांच लाख श्रद्धालुओं ने श्रीराम दरबार में हाजिरी लगाई। मंदिर में रात नौ बजे तक दर्शन कराए गए। इंतजाम सुचारु बनाने के लिए शाम को सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने अयोध्या पहुंच श्रद्धालुओं से धैर्य रखने का आग्रह किया। इस बीच, अयोध्या आने वाले रोडवेज बसों को भी रोकना पड़ा।
अयोध्या के मंडल आयुक्त गौरव दयाल ने बताया कि मंदिर का मुख्य मार्ग रामपथ दिनभर श्रद्धालुओं से अटा रहा। उत्साह इस कदर था कि सुबह भीषण शीतलहर के बावजूद हजारों श्रद्धालु सर्पाकार कतारों में भक्तिभाव में लीन होकर मंदिर खुलने का इंतजार करते दिखे। इनमें से अधिकतर तीन दिन से यहीं रुके थे। रामपथ, धर्मपथ व रामजन्मभूमि पथ पर पांव रखने तक की जगह नहीं थी। बाहरी वाहनों के रोक के बावजूद श्रद्धालु पैदल ही अयोध्या पहुंच गए थे। मंदिर खुलते ही भक्त उमड़ पड़े। हालांकि, दर्शन के लिए उन्हें कुछ पल का ही समय मिल सका। दोपहर करीब दो घंटे हुजूम इतना बढ़ा कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मी जूझते दिखे। अयोध्या में दिनभर श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद संभाला मोर्चा
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने दोपहर में प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार को रामनगरी में व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए भेजा। दोपहर में यहां पहुंचे दोनों अधिकारियों ने कमिश्नर गौरव दयाल, आईजी प्रवीण कुमार, डीएम नितीश कुमार और एसएसपी राजकरण नय्यर से चर्चा कर हुजूम को नियंत्रित करने के उपाय लागू कराए। बाद में, शाम करीब सवा चार बजे सीएम योगी खुद अयोध्या पहुंचे। उन्होंने पहले हेलिकॉप्टर से रामजन्मभूमि व रामपथ का हवाई सर्वेक्षण किया, फिर राममंदिर पहुंचे।
अब सुबह छह से रात दस बजे तक अनवरत दर्शन
जिला प्रशासन व श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट ने तय किया है कि अब सुबह छह से रात दस बजे तक अनवरत दर्शन होंगे। डीएम नितीश कुमार ने बताया कि इस बीच आरती व भोग के लिए थोड़ी देर दर्शन रोके जाएंगे।
धैर्य रखने की अपील
मंदिर परिसर पहुंचने के बाद योगी ने श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के लिए लागू की गई व्यवस्था को परखा। उन्होंने प्रमुख सचिव-गृह व डीजी प्रशांत से रिपोर्ट ली। सीएम ने माइक के जरिये मंदिर और अयोध्याधाम में मौजूद रामभक्तों से सीधा संवाद किया। कहा, श्रद्धालु धैर्य बनाए रखें। कतार में बारी का इंतजार करें। किसी को निराश नहीं करेंगे, सभी को दर्शन कराए जाएंगे।
स्मृतियों में वर्षों तक अंकित रहेगा : मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर प्राण प्रतिष्ठा से जुड़ा वीडियो साझा करते हुए लिखा कि हमने 22 जनवरी को अयोध्या में जो देखा, वह कई वर्षों तक हमारी स्मृतियों में अंकित रहेगा। पांच सदी बाद भगवान श्रीराम के फिर से विराजमान होने पर भव्य आयोजन में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं, देश-दुनिया में लाखों-करोड़ों लोग घरों पर सीधे प्रसारण के माध्यम से इस पावन पल के साक्षी बने।