जांच में दोषी पाया गया मासूम की मौत के बाद परिजनों को धमकाने वाला डॉक्टर, नर्सिंग होम का पंजीयन निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रायबरेली के आस्था चाइल्ड केयर सेंटर में बच्ची की मौत के बाद संचालक की दबंगई के वायरल वीडियो की जांच के बाद नर्सिंगहोम की सभी प्रकार की चिकित्सीय सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। अलग-अलग टीमों की जांच में संचालक के प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।
नर्सिंगहोम के संचालक डॉ. डीएस चंदेल को अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को जिला अस्पताल में शिफ्ट करने के आदेश भी दिए गए हैं। इसके अलावा नर्सिंगहोम के खिलाफ अन्य कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टीम गठित की जा रही है।
गत रविवार को शहर के आस्था चाइल्ड केयर सेंटर के संचालक का मानवीय संवेदनाओं को तार-तार करने का वीडियो वायरल हुआ था। रात में इलाज के दौरान मासूम की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजनों को संचालक ने जमकर धमकाया गया था। वायरल वीडियो के अनुसार संचालक ने धमकाया कि- पुलिस बुलाऊं। शराफत से बच्चा लेकर निकल जाओ वरना यहीं से हवालात भेजवा दूंगा...। वायरल वीडियो संज्ञान में आने के बाद डीएम के आदेश पर स्वास्थ्य व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने नर्सिंगहोम में पहुंचकर मामले की जांच की। देर रात सीएमओ, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) आदि अधिकारियों की टीम ने भी मामले की जांच की।
अग्रिम आदेश तक नहीं शुरू होंगी चिकित्सकीय सेवाएं
जांच में नर्सिंगहोम के संचालक के दोषी पाए जाने पर आस्था चाइल्ड केयर सेंटर के पंजीयन को निलंबित करने के साथ ही चिकित्सीय सेवाओं को प्रतिबंधित कर दिया गया है साथ ही संचालक को नोटिस देकर अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के आदेश दिए गए हैं। अग्रिम आदेशों तक चिकित्सकीय सेवाएं शुरू न कराने के आदेश भी दिए गए हैं। इससे शहर के मनमाने नर्सिंगहोम संचालकों में हड़कंप मच गया है।