{"_id":"68322a6431d69e5d97068fde","slug":"assistant-treasury-officer-caught-accountant-red-handed-taking-bribe-lucknow-news-c-13-1-lko1029-1219343-2025-05-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News: सहायक कोषाधिकारी लेखाकार को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News: सहायक कोषाधिकारी लेखाकार को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने शनिवार को कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर 19 से सहायक कोषाधिकारी लेखाकार चंद्रमाला को 12 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा। पेंशन बनाने के एवज में रिश्वत मांगी गई थी। चंद्रमाला को गिरफ्तार करके सतर्कता अधिष्ठान लखनऊ सेक्टर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।पुलिस अधीक्षक, यूपी सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ सेक्टर को शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता सौरभ श्रीवास्तव के मुताबिक उनके बाबा सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी थे, जिनका 10 मई 2024 को देहांत हो गया था। सौरभ के पिता दिव्यांग हैं और अपने पिता पर आश्रित थे। बाबा की मृत्यु के बाद सौरभ के पिता के नाम पारिवारिक पेंशन करने की मंजूरी सहायक कोषाधिकारी लेखाकार चंद्रमाला को देनी थी। पीड़ित के आवेदन पर चंद्रमाला ने पेंशन तो स्वीकृत कर दी, लेकिन इसके लिए रुपये मांगे। सौरभ को पिता का पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस हेल्थ कार्ड भी बनवाना था। इसके लिए उन्होंने 14 मई को ऑनलाइन आवेदन किया। इसे स्वीकृत करने के लिए 15 मई को चंद्रमाला से संपर्क किया।इस पर चंद्रमाला ने कहा, पहले पूर्व में स्वीकृत की पेंशन के लिए 12 हजार रुपये दो। रिश्वत नहीं दोगे तो आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं आगे जो भी मेडिकल बिल आएगा, उसे भी निरस्त कर देंगे। सौरभ की शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान की ओर से गोपनीय जांच कराई गई। मामला सही पाए जाने पर टीम बनाई गई। शनिवार को सौरभ को कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर 19 में भेजा गया। जैसे ही उसने रिश्वत के 12 हजार रुपये दिए, टीम ने चंद्रमाला को गिरफ्तार कर लिया।