भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज पहुंचेंगे लखनऊ, तीन चरणों के चुनाव वाली सीटों के लिए बनाएंगे रणनीति
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सोमवार को लखनऊ में पहले तीन चरण के चुनाव वाली सीटों की थाह नापेंगे। साथ ही भाजपा की स्थिति को लेकर समीक्षा करेंगे और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देंगे। पश्चिम से पूरब की तरफ बढ़ रही चुनावी जंग की चुनौतियों के मद्देनजर अवध क्षेत्र के लोगों को विपक्षी हमलों से निपटने की रणनीति समझाएंगे। उन्हें बताएंगे कि किन-किन मुद्दों पर विपक्ष को घेरना है।
भाजपा अध्यक्ष सोमवार शाम राजधानी पहुंचेंगे। वह भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय और महामंत्री सुनील बंसल सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारियों के साथ पश्चिमी यूपी के पहले दो चरण के चुनाव पर मंथन करेंगे।
इसके बाद अवध क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक करेंगे और कार्यकर्ताओं से बातचीत कर स्थिति समझेंगे। चुनिंदा पदाधिकारियों से पश्चिमी यूपी के पहले, दूसरे और तीसरे चरण की कुल 26 सीटों को लेकर मिल रहे फीडबैक के आधार पर आगे की रणनीति भी तय करेंगे।
सहयोगी दलों से समन्वय व उनकी भूमिका पर होगी चर्चा
शाह प्रदेश में भाजपा के सहयोगी दलों से समन्वय और उनकी भूमिका पर चर्चा करेंगे। सूत्रों के मुताबिक यूपी में आठ सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार घोषित होने हैं। शाह इन आठ सीटों में से निषाद पार्टी को एक सीट देने, निषाद पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए प्रवीण निषाद को टिकट देने, गोरखपुर और देवरिया सहित शेष सीटों पर उम्मीदवार चयन पर भी बात करेंगे।