अमेठी हत्याकांड: कैसे भाग निकला चंदन? दबिश देती रही अमेठी पुलिस और चंदन को गिरफ्तार कर ले आई एसटीएफ
Amethi massacre:अमेठी हत्याकांड का आरोपी घटना के बाद भाग निकला। एसटीएफ ने यमुना एक्सप्रेस पर जेवर से चंदन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हाथ मलती रह गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हाईटेक होने का दंभ भरने वाली अमेठी पुलिस एक परिवार के कातिल चंदन की गिरफ्तारी में पूरी तरह फेल साबित हुई। लाव-लश्कर, उपकरण, संसाधन सब धरे रह गए। पुलिस सिर्फ यहां-वहां दबिशें देने में व्यस्त रही और एसटीएफ ने अपना काम कर दिया। एसटीएफ द्वारा चंदन की गिरफ्तारी होने के बाद अब पुलिस अपनी पीठ थपथपाती दिख रही है।
रायबरेली निवासी शिक्षक सुनील कुमार, उनकी पत्नी पूनम व दो बटियों की अमेठी के अहोरवा भवानी कस्बे में हत्या की घटना ने लोगों को हिला कर रख दिया। घटना के बाद कई तरह के कयास लगाए जाने लगे, कि आखिर पूरे परिवार का सफाया करने वाले कौन और कितने लोग होंगे। कुछ देर बाद पता चला कि शिक्षक की पत्नी ने रायबरेली के ही निवासी चंदन के खिलाफ छेड़खानी का केस कराया था। इसी को आधार मानकर पुलिस की कार्रवाई शुरू हुई। कुछ घंटों बाद ही स्थिति स्पष्ट हो गई थी, कि इस घटना में हत्यारोपी चंदन जरूर रहा होगा।
देर रात मृतक शिक्षक के पिता ने चंदन के खिलाफ ही केस दर्ज कर दिया। ऐसे में स्थितियां साफ होती गईं और पुलिस ने चंदन की तलाश शुरू की, लेकिन उसकी परछाई तक नहीं पहुंच पाई। घटना के बाद पुलिस के आईजी प्रवीण कुमार सहित कई आला अफसर भी पहुचे थे। एसपी अनूप सिंह ने पुलिस की पांच टीमें लगाई थीं। मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया था।
इलेक्ट्रानिक माध्यमों की भी मदद ली गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। एसपी स्वयं मामले की मॉनीटरिंग कर रहे थे। पुलिस ने चंदन की तलाश में पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस इधर-उधर कयासबाजी कर रही थीं, तभी एसटीएफ ने यमुना एक्सप्रेस पर जेवर से चंदन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हाथ मलती रह गई। देर रात पुलिस ने दावा किया कि आरोपी पकड़ा गया। उसे एसपी कार्यालय लाकर वार्ता की गई। चंदन के पकड़े जाने के बाद पुलिस वाहवाही लूटने में जुट गई। पुलिस को इतना भी पता नहीं चला कि चंदन एसटीएफ के हांथ कैसे लगा है। एएसपी ने बताया कि चंदन तक एसटीएफ कैसे पहुंची, यह एसटीएफ ही बता सकती है।
चंदन की गिरफ्तारी को लेकर दिनभर रहीं चर्चाएं
चार लोगों की हत्या में चंदन का नाम सामने आने के बाद से लेकर गिरफ्तारी तक कई तरह की कयास बाजियां चलीं। शुक्रवार सुबह से शाम तक चर्चाएं रहीं कि चंदन पकड़ लिया गया है, लेकिन जिले के जिम्मेदार पुलिस अफसर इससे पूरे दिन इंकार करते रहे। जब शाम ढल गई। तब पुलिस की ओर से मीडिया को साधने का दौर शुरू हुआ। मीडिया वालों के पास फोन आने लगे, कि आप लोगों को अभी सबकुछ बताया जाएगा। कभी मीडिया सेल आने को कहा गया तो कभी एसपी दफ्तार पहुंचने की जानकारी दी जाने लगी। इधर मीडिया वाले उत्सुक थे, कि आखिर चंदन को लेकर पुलिस क्या करने वाली है। फिर एकदम मीडिया सेल ह्वाटसएप ग्रुप पर 10:18 मिनट पर स्पष्ट रूप से सूचना दी गई कि 10:50 बजे शिवरतनगंज में हुई घटना को लेकर प्रेस कॉफ्रेस है।