Ambedkarnagar: ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई तेज रफ्तार बोलेरो, सास और दामाद की मौत, युवक बाल-बाल बचा
अंबेडकरनगर के टांडा इलाके में हुए एक दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग महिला और उसके दामाद की मौत हो गई। वहीं, युवक बाल-बाल बच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंबेडकरनगर के टांडा इलाके में शुक्रवार की दोपहर नेशनल हाईवे 233 टांडा, बसखारी, आजमगढ़ पर ट्रैक्टर ट्रॉली से तेज रफ्तार बोलेरो टकरा गई। हादसे के दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गया, जबकि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार आजमगढ़ की महिला व गोंडा निवासी उनके दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार सवार लोगों को बाहर निकाला और राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां बुजुर्ग महिला और उनके दामाद को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि कार चला रहे मृतका के नाती बाल-बाल बच गए।
जनपद गोंडा के नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम कोल्हनपुर विभने निवासी अमरेश बहादुर सिंह (62) पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ अयोध्या के कोतवाली नगर क्षेत्र के सरस्वती पूरब कॉलोनी वजीरगंज में रह रहे थे। इनके पुत्र मनीष कुमार सिंह की बीते एक जून को थी। शादी में शामिल होने के लिए इनकी नानी आजमगढ़ के कप्तानगंज क्षेत्र के पचकोड़ा हरिरामपुर निवासी प्रमिला (78) पत्नी स्व. उदयभान सिंह भी आई हुई थीं।
शुक्रवार को मनीष अपनी कार चलाकर नानी को उनके घर छोड़ने के लिए जा रहे थे। साथ में मनीष के पिता अमरेश बहादुर भी थे। कार टांडा इलाके के नेशनल हाईवे 233 पर हसनपुर-सुंथर मोड़ के पास पहुंची ही थी कि तभी सामने चल रहे एक ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया। मनीष कार पर नियंत्रण खो बैठे और ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गए। दुर्घटना में कार का बायां हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गया। सूचना मिलते ही कोतवाली से एसआई विवेक कुमार मिश्रा, आलोक शुक्ला, आरक्षी अमित मौर्य, अभय गुप्ता दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार सवार तीनों लोगों को बाहर निकाला गया।
आनन-फानन एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अमरेश बहादुर व उनकी सास प्रमिला देवी को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में मनीष बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली चोटें ही आईं। हादसे की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजनों को ढांढस बंधाया। इंस्पेक्टर दीपक रघुवंशी ने बताया कि चालक को मौके पर ही पकड़ लिया है और दोनों वाहनों को कोतवाली टांडा पहुंचाया गया। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.