अमर सिंह बोले, अब अगर मुलायम भी बुलाएं तो भी पार्टी में नहीं जाएंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमर सिंह ने लंबे समय बाद लखनऊ में चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के द्वंद्व में उनकी कोई भूमिका नहीं है। अब अगर मुलायम सिंह यादव भी उन्हें बुलाएंगे तो वह पार्टी में नहीं जाएंगे।
मंगलवार को गोमती नगर स्थित एक थियेटर में खुद की अभिनीत मूवी ‘जेडी’ की स्क्रीनिंग पर उन्होंने यह बातें कहीं। आने वाले हफ्ते में समाजवादी कुनबे में नई गुंजाइश से ठीक पहले अमर सिंह के इस बयान के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं।
एक सवाल के जवाब में राज्यसभा सदस्य ने कहा कि नेता जी के परिवार के किसी भी धड़े से न तो वह जुड़े हैं न ही उनका किसी खेमे से कोई मतलब है। उन्होंने कटाक्ष किया कि जब मैं पार्टी में था तो सारा दोष अंकल पर ही लगता था। अब नहीं हूं, फिर भी लोग चिल्ला रहे हैं कांटा लगा.. कांटा लगा।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि परिवार में झगड़े के दौरान नेता जी ने मुझसे कहा था कि पीछे के दरवाजे से आना। कहीं आजम, अखिलेश या रामगोपाल देख ना लें। मैं पीछे के दरवाजे से आने वालों में नहीं हूं।
साजिशन बदनाम करने पर सुसाइड
शहर के एक फोटोग्राफर शैलेंद्र पांडे निर्देशित फिल्म जेडी में ईमानदार नेता सुदर्शन सिंह के किरदार में सांसद अमर सिंह फिल्म में साजिशन फंसाये जाने से आहत होने पर सुसाइड कर लेते हैं। फिल्म में सत्ता को जहर बताने वाले सुदर्शन सिंह को उनके राजनीतिक दुश्मन एक स्टिंग में उलझा देते हैं।
अमर सिंह ने बताया कि कई बार ना नुकुर के बाद उन्होंने फिल्म में काम करना मंजूर किया लेकिन, डायलॉग अपने ही बोले। फिल्म में टाडा कोर्ट में संजय दत्त को सजा सुनाने वाले रिटायर्ड जस्टिस ने भी एक्टिंग की है।
फिल्म के निर्देशक शैलेंद्र ने कहा कि उनकी फिल्म का प्रोमो सेंसर बोर्ड लंबे समय तक अटकाए रखा। इस मौके पर फिल्म की स्टारकास्ट भी मौजूद थी।