नागरिकता: यूपी में धारा 144 लागू, जामिया के बाद अब प्रदेश के कई हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नागरिकता संशोधन अधिनियम का विरोध दिल्ली के बाद उत्तर प्रदेश में भी पहुंच गया है। पूरे यूपी में धारा 144 लागू कर दी गई है। जामिया और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के बाद अब लखनऊ में पथराव हुआ है। छात्रों को पुलिस ने परिसर से बाहर नहीं निकलने दिया। इस बीच, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय मामले में अज्ञात छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एएमयू प्रशासन ने छात्रों से छात्रावास खाली करने को कहा है ।
अलीगढ़: स्कूल, कॉलेज, इंटरनेट सब बंद
अलीगढ़ डीएम ने कहा कि प्रदर्शनों को देखते हुए जिले के सभी स्कूल-कॉलेज 16 और 17 दिसंबर तक बंद रहेंगे। इसके साथ ही मंगलवार आधी रात तक पूरे शहर में इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं।
नदवतुल उलेमा के छात्रों ने रविवार देर रात भी नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध में प्रदर्शन किया था। पुलिस के कड़े इंतजाम थे और छात्रों को परिसर के अंदर कर दिया गया। वहीं अलीगढ़, मेरठ और सहारनपुर में इंटरनेट सेवाएं आज भी बंद रहेंगी ।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओ पी सिंह ने बताया कि आज सुबह नदवतुल उलेमा में छात्रों के एक गुट ने विरोध प्रदर्शन कर परिसर से बाहर आने का प्रयास किया लेकिन उन्हें परिसर से बाहर नहीं आने दिया गया। इस पर छात्रों ने परिसर के अंदर से पत्थर फेंके लेकिन इससे कोई घायल नहीं हुआ। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पुलिस बल के साथ मौजूद हैं और किसी भी छात्र को परिसर से बाहर नहीं आने दिया जा रहा है।
डीजीपी ने कहा कि राजधानी लखनऊ के अलावा सोमवार को सुबह से पूरे प्रदेश में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय मामले में अज्ञात छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पांच जनवरी तक के लिए छुट्टी घोषित कर छात्रों से छात्रावास खाली करने को कहा है। वहां आज सुबह से अभी तक कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं है।
सिंह ने कहा कि अलीगढ़, मेरठ और सहारनपुर में अगले आदेश तक इंटरनेट सेवाएं बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। पूरे प्रदेश में फिलहाल शांति बनी हुई है।
वहीं अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुल्हरी ने बताया कि सोमवार को सुबह से नागरिकता संशोधन कानून को लेकर एएमयू परिसर में कोई भी विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ है और भारी पुलिस बल तैनात हैं। करीब 25 से 30 फीसदी छात्रों ने छात्रावास खाली करा दिया गया है। आज शाम तक सभी छात्रों के छात्रावास खाली करने की संभावना है। वहीं अबतक 21 गिरफ्तार, 56 नामजद तथा कई अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किए गए हैं।
Lucknow: Protests in Nadwa college against #CitizenshipAmendmentAct. Stone pelting breaks out. pic.twitter.com/UAOOgG1wYF
— ANI UP (@ANINewsUP) December 16, 2019
वहीं, सहारनपुर में इंटरनेट सेवाएं बंद की गई है। देर रात में बनारस और यूपी की राजधानी लखनऊ में भी छात्रों ने प्रदर्शन किया।
इसके अलावा, इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आज 16 दिसंबर को छुट्टी घोषित कर दी गई है। एएमयू और जामिया मिलिया में हुए बवाल के बाद यह फैसला लिया गया। सोमवार सुबह जिला प्रशासन के अफसरों ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन से संपर्क किया और विश्वविद्यालय में एक दिन के लिए छुट्टी घोषित करने की सलाह दी।
जिसके बाद आज छुट्टी घोषित करते हुए विश्वविद्यालय में प्रस्तावित परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई। दोपहर 12:00 बजे से इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ भवन पर छात्रों का धरना प्रदर्शन भी प्रस्तावित है। बवाल की आशंका को देखते हुए वहां बड़ी संख्या में फोर्स की तैनाती की गई है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में स्थगित परीक्षाएं अब 10 जनवरी को होंगी।
रामपुर में भी विरोध प्रदर्शन पर उतरे लोग
वहीं नागरिकता कानून के विरोध प्रदर्शन की आग प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी पहुंच गई है। रामपुर के लोग भी सड़कों पर उतर कर इसका विरोध कर रहे हैं। इसी दौरान फैसल लाला ने रामपुर में कहा कि यह वक्त बुझदिली का नहीं है। मुसिबत की इस घड़ी में कौम के रहनुमाओं और नुमाइंदों को आगे आना चाहिए, हिंदुस्तान हमारा था, है और रहेगा। कोई भी कानून हमें इस देश से नहीं निकाल सकता। उन्होंने कहा कि जामिया में जो बर्बरता दिल्ली पुलिस ने दिखाई है उसने भारत के संविधान को कमजोर किया है जिसको पूरी दुनिया ने देखा है।
संभल में प्रदर्शन के कारण भीषण सड़क जाम
नागरिक संशोधन बिल के खिलाफ संभल में भी सोमवार को मुस्लिम समाज के विभिन्न संगठन सड़क पर उतर आए। नागरिकों ने प्रदर्शन किया और नागरिक संशोधन बिल वापस लेने की मांग उठाई। उन्होंने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सड़क पर आंदोलन होने की वजह से करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। तमाम उलेमा और मुस्लिम संगठनों के व्यक्ति भी इस आंदोलन में शामिल हुए
गौरतलब है कि रविवार को राजधानी दिल्ली की जामिया यूनिवर्सिटी में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुआ। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों हटाने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर दिया और भीड़ ने करीब आधा दर्जन बसों में आग लगा दी। आठ से अधिक बसों में तोड़फोड़ के अलावा कई कारों व दुपहिया वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया।
आग पर काबू पाने पहुंची दमकल की एक गाड़ी को भीड़ ने तोड़ डाला। हमले में एक दमकलकर्मी के अलावा छह पुलिसकर्मी और 42 प्रदर्शनकारियों के घायल होने की खबर है। इनमें दो गंभीर हैं। कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।