'राहुल, मुलायम को मानें PM तभी कांग्रेस से गठबंधन'
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में क्या समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन करने को तैयार है? इस सवाल के जवाब में यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बड़ा बयान दिया है।
हालांकि अखिलेश यादव ने ये बयान दिल्ली में एक कार्यक्रम में दिया है लेकिन इसके बाद यूपी में भी जबरदस्त हलचल है। अखिलेश यादव ने कहा है कि अगर मुलायम सिंह यादव को देश का पीएम बनाया जाए और राहुल गांधी को डिप्टी पीएम तो वो हाथोंहाथ गठबंधन के तैयार हैं। अखिलेश यादव के इस बयान के बाद राहुल गांधी ने भी चुप्पी साध ली। राहुल गांधी से जब इस बयान पर उनकी प्रतिक्रिया मांगी गई तो वो कुछ नहीं बोले।
इससे पहले अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि राहुल गांधी उनके बहुत पुराने मित्र भी हैं। अखिलेश ने कहा कि आप राहुल से भी पूछ सकते हैं। इसी बात पर पत्रकारों ने अखिलेश से पूछा कि राहुल गांधी के साथ उनके ये व्यक्तिगत संबंध राजनैतिक संबंधों में बदल सकते हैं?
'आजम को क्यों हटाऊं अपने कैबिनेट से'
इस सवाल के जवाब में अखिलेश ने कहा कि मैं चाहता हूं कि मेरे पिताजी का सपना भी पूरा हो। अगर पिताजी मुलायम सिंह को प्रधानमंत्री बनाया जाता है तो मैं हर तरह के गठबंधन के लिए तैयार हूं।
इसी कार्यक्रम में सीएम अखिलेश यादव ने यूपी के कद्दावर नेता आजम खां के पक्ष में भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि वो आजम खां को अपने कैबिनेट से नहीं हटाएंगे।
अपने विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले आजम खां के बारे में अखिलेश यादव ने बात की। अखिलेश ने कहा कि हमारी बातों को मीडिया हमेशा ही गलत तरीके से ले लेती है। आजम खां को भी ध्यान से सुनेंगे तो समझ में आएगा कि वो क्या कह रहे हैं? उनकी बातों का गलत अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए।