अखिलेश यादव का तंज, बोले- भाजपा के मन का अंधेरा कैसे दूर होगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि जनता ने यूपी, महाराष्ट्र, हरियाणा व अन्य राज्यों के उपचुनावों व विधान सभा चुनावों में अपने निर्णय से भाजपा के भविष्य की दिशा का संकेत कर दिया है। हरियाणा में सिद्धांत की राजनीति पराजित हुई है। राजनीति में शुचिता और गरिमा को तिलांजलि देकर भाजपा ने साबित कर दिया है कि उसका प्रथम और अंतिम लक्ष्य सिर्फ सत्ता पाना और उस पर कुंडली मारकर बैठ जाना है।
अखिलेश ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि प्रदेश में हालात दिन पर दिन बिगड़ते जा रहे है। अपराधी घरों के चिराग बुझाने में व्यस्त हैं। भाजपा के मन का अंधेरा कैसे दूर होगा? उनकी जनहित की कोई अपनी योजना या दृष्टि नहीं है। इसलिए समाजवादी सरकार के समय के कामों में हेराफेरी करके ही नाम कमा रहे है।
अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल-100 की व्यवस्था समाजवादी सरकार की देन है। अपराध रोक नहीं पाए तो नंबर बदल दिया। यूपी डायल 100 को 112 नंबर बना देने से तो अपराध रुकने वाले नहीं हैं। नंबर चेंज गेम से भाजपा सरकार ने अपनी खोखली मानसिकता ही प्रदर्शित की है।
अस्पतालों में वसूली व थानों में डर का माहौल
उन्होंने कहा, अब तो खुद राज्यपाल ने भी साफगोई से सरकार को आइना दिखाते हुए कहा है कि अस्पतालों में वसूली हो रही है और थानों में डर का माहौल है। नोटबंदी-जीएसटी की मार से जिनके उद्योग बंद हो गए हैं और जो बेरोजगार हो गए हैं, उनके जीवन में जो अंधेरा है, वह कब मिटेगा, इनके परिवारों में कब और कैसे उजाला आएगा?
मंत्रियों के भ्रष्टाचार की चर्चाएं आम
सपा अध्यक्ष ने कहा, मंत्रियों के भ्रष्टाचार की चर्चाएं आम हैं। वाराणसी में लूट के दौरान सर्राफ को बचाने में एक युवक की मौत हो गई। प्रदेश में भाजपा राज के एक साल में 28 हजार हत्याएं हो चुकी है। जिन घरों में हत्याएं हुई हैं, उनमें प्रकाश कैसे होगा?
बलात्कार की शिकार बच्चियों के जीवन में प्रकाश कैसे और कब होगा ? महिला उत्पीड़न के 561100 मामले दर्ज हुए हैं जिनमें बलात्कार हत्या, एसिड अटैक आदि शामिल हैं। कोई दिन बचता नहीं जब किसान आत्महत्या न करता हो।