'सिखों के साथ नहीं होने दूंगा अन्याय'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहारनपुर में एक गुरूद्वारे की जमीन को लेकर हुई हिंसा पर यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि वह सिखों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।
गौरतलब है कि सहारनपुर में सिखों के साथ ज्यादती पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के साथ ही पंजाब सरकार भी हरकत में आ गई है।
पंजाब सरकार के नुमाइंदे के तौर पर विधानसभा अध्यक्ष चरण सिंह अटवाल और दो पूर्व केंद्रीय मंत्रियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलकर अपनी चिंता जताई।
इस पर सीएम ने कहा कि सहारनपुर में हालात काबू में हैं, दोषियों पर बिना भेदभाव के कार्रवाई होगी।
सिखों के साथ हुई ज्यादती
अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह के सहारनपुर दौरे के ठीक अगले दिन सोमवार को मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निर्देश पर पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष चरणजीत सिंह अटवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा और बलवंत सिंह रामूवालिया को चंडीगढ़ से लखनऊ भेजा गया।
तीनों वरिष्ठ नेताओं ने मंगलवार दोपहर में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान पंजाब सरकार के नुमाइंदों ने मुख्यमंत्री से कहा कि सहारनपुर में सिखों पर ज्यादती हुई हैं।
उनके कारोबार को बहुत क्षति पहुंची है, उनकी दो दर्जन से अधिक दुकानें जला दी गईं हैं।
मुख्यमंत्री से बातचीत संतोषजनक
इस पर मुख्यमंत्री अखिलेश ने सहारनपुर की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कहा, वहां हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। उन्होंने सहारनपुर में हिंसा के बाद उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
वहीं प्रमुख सचिव गृह नीरज गुप्ता और पुलिस महानिदेशक एएल बनर्जी ने ताजा हालात के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मुआवजे और कार्रवाई में निष्पक्षता बरती जाएगी।
‘अमर उजाला’ से फोन पर बातचीत में पंजाब विस अध्यक्ष अटवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री से उनकी वार्ता संतोषजनक रही। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि कानून व्यवस्था हर हाल में बरकरार रखेंगे।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को ईद का त्यौहार है। वे चाहते हैं कि सहारनपुर में भाईचारा कायम रहे, सभी धर्मों के लोग इस त्यौहार को मिल जुलकर मनाएं।
विवादित जमीन पर मानेंगे कोर्ट का फैसला
पंजाब सरकार के प्रतिनिधियों ने सीएम अखिलेश यादव से कहा कि सहारनपुर में गुरुद्वारे की जमीन के छोटे हिस्से पर विवाद है। कोर्ट के आदेश के बाद जमीन पर गुरुद्वारे का कब्जा है। मामला कोर्ट में है।
लिहाजा इसमें सभी पक्षों को कोर्ट का फैसले को मानना चाहिए। सिख समाज कोर्ट का फैसला मानेगा।
बादल को देंगे मुलाकात की जानकारी
पंजाब विस अध्यक्ष अटवाल ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल सीएम प्रकाश सिंह बादल के निर्देश पर मंगलवार सवेरे लखनऊ आया था।
सीएम से मिलकर वे साढ़े तीन बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंच गए। वे मुख्यमंत्री बादल को अखिलेश यादव से हुई वार्ता की जानकारी देंगे।