ट्रंप के दौरे में जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आगमन पर केंद्र सरकार जनता की गाढ़ी कमाई के करोड़ों रुपये का दुरुपयोग कर रही है। कई लाख लोगों की भीड़ ट्रंप को ‘नमस्ते‘ कहने के लिए जुटाई जा रही है। दिखावे की तमाम कोशिशों के बावजूद सच्चाई पर पर्दा नहीं डाला जा सकता।
पूरी दुनिया को मालूम है कि भारतीय अर्थव्यवस्था मंदी के दौर में है। बेरोजगारों को सब्जबाग दिखाकर जश्न में लगाना युवाओं के भविष्य को अंधकार मय बनाना है। किसानों को भी चकाचौंध में भटकाया जा रहा है।
अखिलेश ने कहा कि अजीब विडंबना है कि जिस गुजरात में पैदा हुए महात्मा गांधी ने गरीब भारत के प्रतिनिधि के तौर पर एक लंगोटी में पूरा जीवन बिता दिया, उसी गुजरात में जबर्दस्त शान शौकत के पटाखे दगाए जा रहे हैं। ट्रंप अहमदाबाद में जिस रास्ते से गुजरेंगे वहां गरीबों की झोपड़ियां न दिखें, इसके लिए उनके सामने दीवार खड़ी कर दी गई है। गरीबी ढकने का यह ‘गुजरात मॉडल‘ है। गरीब का इससे वीभत्स मजाक और क्या हो सकता है?
'तीन साल में यूपी की भाजपा सरकार ने धेला भर भी काम नहीं किया'
अखिलेश ने कहा, ट्रंप को यह बनावटी और चमकता भारत दिखाने का क्या मकसद है? क्या गांधी के भारत में विदेशी मेहमान का स्वागत सादगी से नहीं हो सकता?
उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा सरकार के तीन वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक धेला भर काम नहीं किया गया है। उनके कार्यकाल की संपूर्ण उपलब्धि विकास के नाम पर एक के बाद एक तुकबंदी करना है।