फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   akhilesh speaks in check distribution program

अखिलेश ने पूछा, मैं कौन...? छात्र बोला, राहुल गांधी

Tue, 16 Jun 2015 11:55 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ Updated Tue, 16 Jun 2015 11:55 PM IST
विज्ञापन
akhilesh speaks in check distribution program

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रायबरेली जिले में एक स्कूल के औचक निरीक्षण पर थे। उन्होंने एक छात्र से पूछा, मुझे जानते हो? छात्र ने कहा-हां। अखिलेश ने फिर पूछा, मैं कौन हूं। तपाक से जवाब आया-राहुल गांधी।

विज्ञापन


किस्सा सच्चा है। खुद अखिलेश यादव ने इसे मंगलवार को सुनाया। वह मंगलवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में प्रशिक्षु शिक्षकों को मानदेय व दूसरे चरण में शिक्षक बनने वाले शिक्षा मित्रों को पहले वेतन का चेक वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस मौके पर लखनऊ मंडल व बाराबंकी जिले के 200 और प्रदेश के अन्य जिलों के 10-10 लाभार्थियों को चेक बांटे गए।
विज्ञापन


आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री प्रशिक्षु शिक्षकों और शिक्षा मित्रों से शिक्षा की गुणवत्ता कायम रखने की बात कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने यह किस्सा सुनाया।
विज्ञापन
विज्ञापन


शिक्षा के हालात अच्छे नहीं, जिम्मेदारी निभाएं शिक्षक
अखिलेश ने कहा, कई बार स्कूलों का औचक निरीक्षण किया, लेकिन अनुभव अच्छे नहीं मिले।

फिर बोले, रायबरेली जिले के बछरावां में एक सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने गया था। एक छात्र से पूछा, क्या आता है? पढ़-लिख लेते हो? छात्र ने ‘हां’ में गर्दन हिलाई, तो उससे कहा कि अपना नाम लिखकर बताओ। इस पर वह बगलें झांकने लगा।

कुछ भी नहीं बता पाया वो छात्र

akhilesh speaks in check distribution program

मुख्यमंत्री बोले- मैंने फिर कहा, किताब पढ़कर बता दो। वह नहीं पढ़ पाया। फिर कहा, कुछ भी पढ़कर बता दो, सामने ब्लैकबोर्ड पर क्या लिखा है? छात्र, कुछ भी नहीं बता पाया।

किस्सा सुनाकर सीएम बोले, यह हालात अच्छे नहीं हैं। सरकार ने नौकरी देकर अपनी जिम्मेदारी निभाई है। अब शिक्षकों को चाहिए कि वे अपनी जिम्मेदारी निभाएं, बच्चों को मन से पढ़ाएं।

संदेश: पढ़ाई की गुणवत्ता पर ध्यान दें
प्रशिक्षु शिक्षकों और शिक्षा मित्रों से अखिलेश ने कहा कि आपको पक्की नौकरी तो मिल गई, अब आपको पढ़ाई की गुणवत्ता की ओर ध्यान देना चाहिए।

दावा: इतनी नौकरियां कहीं और नहीं
सीएम ने दावा किया कि उनकी सरकार ने शिक्षकों को एकसाथ जितनी नौकरियां दीं हैं, उतनी देश में किसी और सूबे ने नहीं दी। छात्रों को जितने लैपटॉप बांटे, उतने देशभर में किसी ने नहीं बांटे। सरकार अपना काम कर रही है, ऐसे ही सभी को अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए।

ये है शिक्षक भर्ती के दावों का सच

akhilesh speaks in check distribution program

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षकों की सर्वाधिक भर्ती करने वाला पहला राज्य है। प्रदेश में एक साल के अंदर करीब पौने तीन लाख शिक्षकों की भर्तियां की गई हैं। देश ही नहीं दुनिया में कहीं भी एक साल के अंदर इतनी भर्तियां नहीं हुई होंगी।

परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी नहीं है। इसलिए शिक्षकों को अब बच्चों की पढ़ाई पर पूरा ध्यान देना चाहिए। बेसिक शिक्षा अच्छी नहीं होगी तो आगे की शिक्षा भी अच्छी नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, बेसिक शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों को जुट जाना चाहिए। यह शिक्षा लेने के लिए आने वाले बच्चे काफी छोटे होते हैं। उन्हें शिक्षक जो भी बताता है वे पूरे ध्यान से सुनते हैं और उसे ही सही मान लेते हैं। इसलिए शिक्षकों से बेहतर बच्चों को कोई नहीं समझ सकता। शिक्षक भेदभाव मिटाकर बच्चों को अच्छी शिक्षा दें। इससे उनका भविष्य संवर सकेगा।

बच्चे देश का भविष्य हैं और जब तक नींव मजबूत नहीं होगी तब तक इमारत मजबूत नहीं हो सकती। कहा कि उनकी सरकार ने शिक्षिकाओं को मनचाहे जिलों में तैनाती दी है। सरकार बनने के बाद लगने वाले जनता दरबार में उनके पास यह समस्या आई थी। इसलिए अंतरजनपदीय स्थानांतरण नीति लाकर शिक्षिकाओं को मनचाही तैनाती दी गई।

चार और शहरों में चलेगी मेट्रो

akhilesh speaks in check distribution program

अखिलेश यादव ने कहा, उप्र में विकास के बहुत काम हो रहे हैं। लखनऊ के साथ चार और शहरों में मेट्रो चलाने की दिशा में काम शुरू हो गया है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस- वे का काम तेजी से चल रहा है। उनकी सरकार ने विकास कार्यों के लिए किसानों की सहमति से जमीनें लीं।

लोगों को इससे सीख लेनी चाहिए कि किसानों से समझौते के आधार पर कैसे जमीन ली जाती है। कहा कि शहरों में ट्रैफिक और कूड़ा सबसे बड़ी समस्या है।

सरकार ट्रैफिक समस्या का समाधान करने के लिए मेट्रो चलाने जा रही है। कूड़ा निस्तारण के लिए भी ठोस प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, लखनऊ में भी कूड़े से बिजली बनाने का प्लांट लगा था लेकिन वह इसलिए बंद हो गया कि उसे घटिया कूड़ा मिल रहा था।

मुख्यमंत्री ने पूछा, ‘नौकरी पायो’

akhilesh speaks in check distribution program

सीएम ने कार्यक्रम के दौरान वहां बैठे शिक्षा मित्रों से पूछा कि ‘का हो नौकरी पायो।’ कहा कि शिक्षा मित्रों को लंबे आंदोलन के बाद नौकरी मिली है। सरकार बनने के बाद ऐसा कोई भी दिन नहीं गया जब उनसे शिक्षा मित्रों ने मुलाकात न की हो। इसलिए आंदोलन करने वालों को नौकरी जरूर मिलनी चाहिए।

एक घटना सुनाते हुए उन्होंने कहा, मोअल्लिम वाले शिक्षक बनने के लिए आंदोलन कर रहे थे, उनकी सरकार ने उन्हें शिक्षक बना दिया। एक दिन एक आंदोलनकारी मिला तो  पूछा कि शिक्षक बने तो उसने कहा, वह तो केवल आंदोलनकारी था, जो पात्र थे शिक्षक बन गए।

उम्मीदों के अनुरूप मिलेगी शिक्षा : रामगोविंद
बेसिक शिक्षा मंत्री रामगोविंद चौधरी ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भरोसा दिलाया कि निरीक्षण के दौरान भले ही आपको परिषदीय स्कूलों में उम्मीदों के अनुरूप पढ़ाई न मिली हो, मगर अब स्कूलों में अच्छी शिक्षा दी जाएगी।

सपा सरकार में शिक्षकों की समस्याओं का सर्वाधिक समाधान किया गया। उनकी वेतन संबंधी समस्या ठीक करते हुए उसे बढ़ाया गया। इसलिए वह भरोसा दिलाते हैं कि परिषदीय स्कूलों की पढ़ाई व्यवस्था सुधरेगी। उन्होंने इस मौके पर बलिया की तरफ से नेपाल के भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 45 लाख रुपये का चेक दिया।

अच्छी शिक्षा का लेखाजोखा मुख्यमंत्री को दिया

akhilesh speaks in check distribution program

सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता ने परिषदीय स्कूलों में बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने के लिए विभागीय तैयारियों का लेखाजोखा मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। बताया कि प्राइमरी स्कूलों में 72,825 प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती में अब तक 57,000 ने जॉइन कर लिया है। शेष 15,825 प्रशिक्षु शिक्षकों को भी जल्द जॉइन करा दिया जाएगा।

प्राइमरी स्कूलों में 1.27 लाख शिक्षा मित्रों को प्रशिक्षण देकर सहायक अध्यापक के पद पर समायोजित किया जा चुका है, जो बचे हैं उन्हें भी जल्द समायोजित कर दिया जाएगा। बीटीसी प्रशिक्षण प्राप्त 15,000 अभ्यर्थियों को सहायक अध्यापक बनाने की प्रक्रिया जुलाई से शुरू हो जाएगी।

हाईकोर्ट से स्थगनादेश हटते ही जूनियर हाईस्कूलों में विज्ञान व गणित के 29,334 पदों पर शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सत्र 2015-16 को शिक्षा गुणवत्ता वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इसके लिए स्कूलों की ग्रेडिंग भी की जाएगी।

आरटीओ से मारपीट मीडिया षडयंत्र : कैलाश

बेसिक शिक्षा मंत्री राज्य मंत्री कैलाश चौरसिया ने मिर्जापुर के आरटीओ के साथ मारपीट के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए सारा आरोप मीडिया पर मढ़ दिया। कहा कि यह सब मीडिया का षडयंत्र है। उन्होंने और उनके किसी समर्थक ने आरटीओ के साथ मारपीट नहीं की है। इस मामले की यदि जांच कराई जाती है तो सब कुछ साफ हो जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed