भारत-पाकिस्तान की सीमा हो सकती है खत्मः अखिलेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जब बर्लिन की दीवार टूट सकती है तो भारत-पाकिस्तान और आसपास के देश क्यों एक नहीं हो सकते? उन्होंने उम्मीद जताई कि एक दिन ऐसा आएगा जब यूरोप की तरह भारत-पाक और दूसरे पड़ोसी मुल्कों के बीच बॉर्डर खुल जाएगा।
अखिलेश रविवार को पर्यटन भवन में चल रही इंडो-पाक लाइफ स्टाइल एग्जीबिशन एंड फूड फेस्टिवल में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि डिप्लोमेसी का सबसे बेहतर तरीका यही है कि लोग आपस में जुड़ें। लोग जुड़ जाते हैं तो सरकारें भी जुड़ जाती हैं।
प्रदर्शनी से कारोबार के लिए रिश्तों को पहले की तरह मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जब दोनों जर्मनी एक हो सकते हैं, बर्लिन की दीवार टूट सकती है तो दोनों देश (भारत-पाक) और आसपास के मुल्क भी एक हो सकते हैं।
उन्होंने कहा, पूरा यूरोप एक हो गया है। उनकी एक करेंसी है, एक बॉर्डर है। भारत-पाकिस्तान और आसपास के देशों के बॉर्डर भी खुलने चाहिए। एक दिन ऐसा हो सकता है कि पड़ोस के देशों में इस तरह जाएं जैसे एक शहर से दूसरे शहर में जाते हैं।
दिल्ली की तरह तैयार होगा लखनऊ हॉट
सीएम ने लखनऊ में पहली बार भारत-पाक की साझा प्रदर्शनी लगाने के लिए पीएचडी चैंबर आफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और पर्यटन विभाग की सराहना की। उन्होंने कम समय में बेहतर प्रदर्शनी के लिए भारत-पाक के लोगों को बधाई दी।
सांसद डिम्पल यादव ने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर लखनऊ हाट एक साल में तैयार हो जाएगा। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चेयरमैन ललित खेतान ने इस बात पर खुशी जताई कि जिस तरह भारत और पाकिस्तान आज जुड़कर प्रदर्शनी आयोजित कर रहे हैं, उसी तरह मुख्यमंत्री भी जोड़े से आए हैं।
लाहौर से आईं हुमेरा बुखारी ने कहा कि सितंबर में फिर इसी तरह की प्रदर्शनी की तैयारी चल रही है। इस मौके पर सचिव पर्यटन अमृत अभिजात, चैंबर के श्रीराम और दोनों देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे।