{"_id":"60e085f0c31a9a5ad5482dbc","slug":"akhilesh-accuses-officers-of-violating-service-rules-said-bjp-won-on-the-strength-of-power","type":"story","status":"publish","title_hn":"अखिलेश ने लगाया अफसरों पर सेवा नियमावली के उल्लंघन का आरोप, कहा-भाजपा ने सत्ता के बल पर हासिल की जीत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अखिलेश ने लगाया अफसरों पर सेवा नियमावली के उल्लंघन का आरोप, कहा-भाजपा ने सत्ता के बल पर हासिल की जीत
Sat, 03 Jul 2021 11:07 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Sat, 03 Jul 2021 11:07 PM IST
सार
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को याद रखना चाहिए कि सेवा नियमावली का उल्लंघन करते हुए सत्ता दल के पक्ष में संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सपा के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जिला पंचायत चुनाव में भाजपा ने लोकतंत्र का तिरस्कार किया है। जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में सपा के पक्ष में परिणाम आए थे वहां भी भाजपा ने सत्ता के बल पर धांधली करके बहुमत हासिल किया है। तमाम जगह प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत सामने आई है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को याद रखना चाहिए कि सेवा नियमावली का उल्लंघन करते हुए सत्ता दल के पक्ष में संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयुक्त पंचायती राज को ज्ञापन देकर स्थिति बताई गई। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी लखनऊ में सपा समर्थक सदस्य अरुण रावत का अपहरण किया गया। सपा प्रत्याशी विजय लक्ष्मी को डीएम आफिस में बैठा लिया गया और उनके पति विधायक अंबरीष पुष्कर को मिलने तक नहीं दिया गया। इसी तरह प्रयागराज में भाजपा के लोगों ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगाकर मतदान की गोपनीयता भंग की, फिरोजाबाद में कोर्ट के आदेश के बावजूद छह मतदाता रोके गए। फर्रुखाबाद, अलीगढ़, शामली, अमेठी सहित अन्य जिलों में सदस्यों के पढ़े लिखे होने के बाद भी हेल्पर दिए गए।
विज्ञापन
उन्होंने आरोप लगाया कि रामपुर, सोनभद्र सहित कई जिले में सदस्यों का अपहरण हुआ तो कन्नौज में सपा के जिला पंचायत सदस्यों के विरुद्ध मुकदमे दर्ज किए गए। औरैया में समाजवादी पार्टी प्रत्याशी रवि दोहरे को डीएम ने कमरे में बंद कर दिया। यह सरासर लोकतंत्र की हत्या है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की इस धांधली का जवाब आगामी विधानसभा चुनाव में जनता खुद देगी। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ही लोकतंत्र बहाल होगा और तभी जनता के साथ न्याय होगा।
विज्ञापन