मुख्तार अंसारी को हार्ट अटैक या कुछ और..., भाई अफजाल ने लगाए आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अफजाल अंसारी ने अपने भाई मुख्तार अंसारी और भाभी अफ्शां अंसारी की अचानक तबीयत खराब होने पर संदेह जताया है। उन्होंने कहा कि आशंकाएं बहुत हैं, लेकिन जब तक मुख्तार से उनकी मुलाकात नहीं मिल जाती तब तक कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। उन्होंने इलाज मिलने में भी देरी का आरोप लगाया।
अफजाल ने कहा कि मुख्तार की तबीयत खराब होने के बाद से ही बांदा के डॉक्टर व अफसर उन्हें रेफर करने पर जोर दे रहे थे, न कि उन्हें समुचित इलाज देने पर। मुख्तार के साथ दोहरा मापदंड अपनाया जा रहा है। उनके खिलाफ दिल्ली, लखनऊ और मऊ की जेल में केस चल रहा है। जबकि उनको सैकड़ों किलोमीटर दूर बांदा जेल में रखा गया है।
उन्होंने कहा कि हार्ट की बीमारी का कोई इतिहास उनके खानदान में नहीं रहा है और न ही मुख्तार को कभी हार्ट संबंधी कोई शिकायत रही है। उन्होंने कहा कि शायद ही कभी ऐसा हुआ हो कि पति-पत्नी को एक साथ हार्ट अटैक पड़ा हो। गनीमत है कि मुख्तार होश में हैं और सुधार हो रहा है।
उन्होंने वाराणसी जेल में बंद बृजेश सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा कि एक आदमी को उसी के घर के पास रखा गया है और घर का खाना मुहैया कराया जा रहा है और एक को घर से 600 किलोमीटर दूर रखा गया है, जहां से किसी केस का कोई लेना देना नहीं है।
दरअसल, बांदा मंडल कारोबार में पत्नी और बेटों से मुलाकात के दौरान बसपा के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को मंगलवार को दिल का दौरा पड़ गया। पति की खराब हालत देख पत्नी अफ्शां अंसारी भी बेहोश हो गईं। बांदा जिला अस्पताल में करीब ढाई घंटे तक प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को एंबुलेंस से शाम करीब सात बजे पीजीआई लाया गया। दोनों को कार्डियोलॉजी विभाग के एमआईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया।
पत्नी को डिस्चार्ज कर दिया गया है जबकि मुख्तार की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस मामले में प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने बांदा के जिलाधिकारी और एसपी से जॉइंट रिपोर्ट मांगी है।
गाजीपुर निवासी और मऊ सदर से बसपा विधायक मुख्तार अंसारी मंडल कारागार में 20 मार्च-17 से निरुद्ध हैं। मंगलवार को उनकी पत्नी अफ्शां, पुत्र अब्बास और उमर अंसारी जेल में मिलने आए थे। वहां चाय पीने के कुछ देर बाद ही मुख्तार बेहोश होकर गिर पड़े। यह देख अफ्शां भी बेसुध हो गईं। मुख्तार को पसीने के साथ सीने में दर्द की शिकायत हो रही थी। पीजीआई के एमआईसीयू वार्ड में बेड नंबर 14 पर भर्ती मुख्तार का इलाज कर रहे प्रो. पीके गोयल ने कहा कि उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पीजीआई निदेशक राकेश कपूर ने मीडिया से बातचीत में बताया, ‘मुख्तार अंसारी को माइनर हार्ट अटैक आया था, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। एंजियोग्राफी और ईसीजी नॉर्मल है। ट्रॉपोनिन एंजाइम मामूली सा बढ़ा है। ऐसा माइनर हार्ट अटैक में होता है। बुधवार को कुछ और जांचें की जाएंगी। उनकी पत्नी उनकी हालत देखकर घबरा गईं थी, उनकी हालत ठीक है, उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।’