{"_id":"5f8c8eb98ebc3e9bfd3f824a","slug":"after-seven-months-schools-from-9th-to-12th-will-open-from-today-in-up","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी में सात महीने बाद आज से खुलेंगे 9वीं से 12वीं कक्षा तक के स्कूल, प्राइवेट स्कूलों ने लिया ये फैसला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी में सात महीने बाद आज से खुलेंगे 9वीं से 12वीं कक्षा तक के स्कूल, प्राइवेट स्कूलों ने लिया ये फैसला
Mon, 19 Oct 2020 12:21 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 19 Oct 2020 12:21 AM IST
विज्ञापन
demo pic...
- फोटो : amar ujala
कोरोना संक्रमण काल में सात माह बाद प्रदेश में आज से कक्षा 9 से 12वीं तक के स्कूल खोले जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने राजकीय विद्यालयों में संक्रमण रोकने के पुख्ता इंतजाम का दावा किया है। वहीं सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों को बच्चों को कोरोना से बचाने की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
हालांकि, अधिकतर बड़े निजी स्कूल कोरोना को देखते हुए पहले 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को ही बुलाएंगे। 9वीं, 11वीं के छात्रों को दशहरे के बाद बुलाया जाएगा। वहीं, यूपी बोर्ड व सीबीएसई के सरकारी स्कूलों ने सोमवार से 9 से 12 तक के उन सभी छात्रों को बुलाने का निर्णय लिया है, जिनके अभिभावकों की सहमति मिल गई है।
विज्ञापन
माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय कुमार पांडेय ने बताया कि सोमवार से कक्षा 9 से 12 तक के स्कूलों का संचालन दो पालियों में किया जाएगा। कक्षा 9 एवं 10 के लिए पहली पाली सुबह 8.50 से 11. 50 बजे और 11 एवं 12 के लिए दूसरी पाली दोपहर 12.20 से 3.20 बजे तक संचालित होगी।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षकों व स्कूल प्रबंधन को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी संचालन प्रक्रिया के मानकों (एसओपी) के अनुसार ही स्कूलों का संचालन के निर्देश दिए गए हैं। बच्चों को कोरोना से बचाने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाएगा। मास्क, साबुन व सैनिटाइजर की भी व्यवस्था करनी होगी।
नहीं मिल रही अभिभावकों की सहमति
विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सभी जिलों में अभिभावकों से लिखित सहमति नहीं मिल रही है। इसके बिना विद्यार्थी को पठन-पाठन की अनुमति नहीं दी जा सकती है। विभाग को उम्मीद है कि एक बार स्कूल खुलने के बाद अभिभावक रुझान देखकर अनुमति देने लगेंगे।
आज से नहीं खुल रहे कई स्कूल
जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल के चेयरमैन सर्वेश गोयल ने बताया कि उनका स्कूल दो नवंबर से खुलेगा। इससे पहले अभिभावकों के साथ वर्चुअल बैठक भी होगी। अवध कॉलेजिएट, पायनियर मोंटेसरी, वरदान इंटरनेशनल एकेडमी, लामार्ट गर्ल्स, लामार्ट बॉयज समेत कई स्कूल अगले महीने खोलने का विचार कर रहे हैं। एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट स्कूल ने भी बताया कि उनके संगठन के बैनर तले भी काफी स्कूल अगले महीने से खुलेंगे।