अपराधियों को टिकट देने में भाजपा पहले नंबर पर, सबसे ज्यादा करोड़पति प्रत्याशी भी बीजेपी के
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निकाय चुनाव में इस बार आपराधिक छवि और करोड़पति प्रत्याशियों को टिकट देने के मामले में भाजपा अव्वल रही है। इस मामले में दूसरा नंबर बसपा का है तो कांग्रेस व समाजवादी पार्टी ने आपराधिक छवि वाले प्रत्याशियों को सबसे कम टिकट दिए हैं।
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म इलेक्शन वॉच ने मंगलवार को अलीगढ़ को छोड़ बाकी सभी 15 नगर निगमों के प्रत्याशियों का ब्यौरा जारी किया। अलीगढ़ के प्रत्याशियों का ब्यौरा राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अभी नहीं उपलब्ध है।
एडीआर के समन्वयक संजय सिंह ने बताया कि 15 नगर निगमों में मेयर पद के लिए कुल 195 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें से 20 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। भाजपा ने सबसे अधिक 14 में से चार प्रत्याशी आपराधिक छवि वाले उतारे हैं। बसपा ने 14 में से तीन जबकि सपा और कांग्रेस ने 15 में से सिर्फ 2-2 आपराधिक छवि वाले प्रत्याशी खड़े किए हैं।
इसी तरह करोड़पतियों को टिकट देने के मामले में भी भाजपा पहले नंबर पर है। 195 में से 70 प्रत्याशी करोड़पति हैं। इसमें सपा, कांग्रेस, भाजपा व बसपा सभी के 11-11 उम्मीदवार करोड़पति हैं। आम आदमी पार्टी के 13 में से 8 उम्मीदवार करोड़पति हैं। मेयर प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 4.14 करोड़ रुपये है।
आगरा के प्रत्याशी हैं सबसे ज्यादा अमीर
सबसे अमीर प्रत्याशी आगरा से बीजेपी के नवीन कुमार जैन (409 करोड़ रुपये) हैं। दूसरे नंबर पर इलाहाबाद की 58 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ अभिलाषा गुप्ता हैं। वहीं मेरठ से आरएलडी उम्मीदवार के पास केवल सबसे कम केवल 10 हजार रुपये की संपत्ति है। वहीं निर्दल प्रियांशु जोशी के पास 30 हजार रुपये और मजहर खान के पास 36 हजार रुपये की संपत्ति है।
आधे से अधिक प्रत्याशी डिग्री धारक
संजय सिंह ने बताया कि आयु वर्ग में 70 उम्मीदवारों की उम्र 25 से 40 वर्ष के बीच है। 101 उम्मीदवारों की उम्र 41 से 60 वर्ष की है। 24 उम्मीदवारों की उम्र 61 से 80 वर्ष के बीच की है। 40 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवारों ने अपने पैन कार्ड का विवरण नहीं दिया है।
एक अच्छी बात यह है कि मेयर पद पर इस बार अधिकतर पढ़े-लिखे लोगों को टिकट मिला है। 195 में से 100 प्रत्याशी ग्रेजुएट या उससे अधिक पढ़े हैं। दो लोगों ने अपनी पढ़ाई का ब्यौरा नहीं दिया है।
10 प्रत्याशियों ने खुद को साक्षर और 10 ने पांचवीं पास बताया है। आठवीं से 12वीं पास उम्मीदवारों की संख्या 65 है।