पंचायत चुनाव से पहले 11 हजार पर कसा शिकंजा, 302 गांव संवेदनशील व अतिसंवेदनशील के रूप में चिह्नित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। 11643 व्यक्तियों को न सिर्फ 107/16 के तहत नोटिस जारी की गई है बल्कि पाबंद भी किया गया है। इसके साथ ही 302 गांवों को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि बीट निरीक्षकों व आरक्षियों के माध्यम से पूर्व व वर्तमान में हुई चुनावी रंजिश का विवरण एसपी कार्यालय को उपलब्ध कराएं, जिससे चुनाव को सकुशल निपटाने में मदद मिल सके।
वर्ष 2021 में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने जरूरी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में होने वाले किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने व शांतिपूर्वक निपटाने के लिए पाबंद व नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
एसपी कार्यालय के चुनाव सेल प्रभारी रह चुके यज्ञनरायन चतुर्वेदी ने बताया कि पंचायत चुनाव की अभी कोई तारीख सामने नहीं आई है। न ही अभी कोई स्पष्ट निर्देश हैं, लेकिन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा जरूरी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अपने क्षेत्र के बीट निरीक्षकों व आरक्षियों के माध्यम से यह रिपोर्ट एसपी कार्यालय को उपलब्ध कराएं कि पूर्व में हुए चुनाव के दौरान मौजूदा समय में चुनाव को लेकर हुए किसी भी प्रकार की रंजिश तो नहीं हुई है।
बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अब तक 11 हजार 643 पर विभिन्न प्रकार की कार्रवाई की गई है। इसमें 107/16 के तहत 11643 व्यक्तियों को नोटिस जारी की गई है। कहा कि नोटिस भेजे जाने व पाबंद किए जाने का कार्य आगे भी जारी रहेगा।
302 गांव घोषित हैं संवेदन व अतिसंवेदनशील
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सकुशल निपटाने के लिए गांवों को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील चिह्नित किए जाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले के कुल 302 गांवों को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील घोषित किया जा चुका है। इसमें 192 गावों को संवेदनशील जबकि 110 ग्राम पंचायतों को अतिसंवेदनशील चिह्नित किया जा चुका है।
पुलिस कर रही अपना काम
मामले पर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी का कहना है कि पुलिस प्रशासन जिले में सभी जरूरी प्रक्रिया अपना रहा है। चुनाव का कार्यक्रम तय होता रहेगा, उससे पहले पुलिस की टीम शांति व्यवस्था कायम करने में जुटी हुई है। टीम अपना काम कर रही है।