{"_id":"635cbd18b17f415c8b609269","slug":"action-against-four-policemen-in-bribery-case-in-ayodhya","type":"story","status":"publish","title_hn":"भाजपा नेता से वसूली: 50 हजार रुपये निकालो नहीं तो स्मैक व हथियार रखने के जुर्म में अंदर कर देंगे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भाजपा नेता से वसूली: 50 हजार रुपये निकालो नहीं तो स्मैक व हथियार रखने के जुर्म में अंदर कर देंगे
Sat, 29 Oct 2022 02:40 PM IST
ishwar ashish
अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या
अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या
Published by: ishwar ashish
Updated Sat, 29 Oct 2022 02:40 PM IST
सार
अयोध्या जिले में पुलिसकर्मियों द्वारा भाजपा नेता से वसूली का मामला सामने आया है। पुलिसकर्मियों ने धमकाते हुए कहा था कि मुकदमा दायर कर जेल भेज देंगे। सीधे 50 हजार रुपये दो।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विस्तार
रिश्वत लेने के मामले में जिले के एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार सिपाहियों को निलंबित कर दिया है जबकि थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया। मामला जिले के एक भाजपा नेता से जुड़ा बताया जा रहा है। भाजपा किसान मोर्चा महानगर मंत्री और बूथ प्रभारी पूराकलंदर थाना क्षेत्र के केशवपुर अंजना गांव निवासी रमेश कुमार पांडेय को जबरिया थाने लाकर एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट में जेल भेजने की धमकी देकर 40 हजार रुपया वसूलने के मामले में पूराकलंदर थाने के चार सिपाहियों को निलंबित किया गया है। वहीं थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसी थाने के एक सिपाही को चंद दिन पूर्व धन उगाही के आरोप में निलंबित किया गया था।
विज्ञापन
बताया गया कि 23 अक्तूबर की शाम लगभग 6 बजे केशवपुर अंजना गांव पहुंचे पूराकलंदर थाने के सिपाहियों ने भाजपा किसान मोर्चा के महानगर जिला मंत्री व गांव के बूथ प्रभारी रमेश कुमार पांडेय पुत्र स्व. स्वामीनाथ के घर की जबरिया तलाशी ली थी। तलाशी में कुछ भी न मिलने के बावजूद पुलिसकर्मी भाजपा नेता को पूराकलंदर थाने ले गए। थाने ले जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने उनको धमकाया कि 50 हजार रूपये दो नहीं तो एफआईआर दर्ज करवा कर जेल भेज देंगे।
विज्ञापन
भाजपा नेता ने कहा कि न तो उन्होंने कोई अपराध किया है और न ही उनके घर से तलाशी में कोई आपत्तिजनक वस्तु मिली है, तो उनके खिलाफ किस अपराध में कार्रवाई होगी। इस पर सिपाहियों ने पुड़िया दिखाकर कहा कि अपराध और मुकदमा तो पुलिस बनाती है। इसी स्मैक और तमंचा-कारतूस में एफआईआर दर्ज करवा चालान कर दिया जाएगा। डरे सहमें भाजपा नेता ने अपनी जान बचाने के लिए परिचितों से रुपया उधार लिया व पुलिस को 40 हजार दिया और किसी तरह थाने से छूटे।
विज्ञापन
पुलिस के चंगुल से छूटने के बाद उन्होंने आपबीती पार्टी के पदाधिकारियों को बताई तो पदाधिकारियों ने दीपोत्सव और प्रधानमंत्री का आगमन होने का वास्ता देकर शांत रहने को कहा।
कार्यक्रम संपन्न होने के बाद पीड़ित भाजपा नेता ने शुक्रवार को शिकायत एसएसपी को दी। शिकायत में उनका कहना है कि थाने के सिपाही राहुल सिंह, धीरेन्द्र मिश्रा और शाहिद खान ने उनके घर पहुंच बेवजह तलाशी ली और कुछ भी न मिलने के बावजूद थाने लेकर स्मैक और असलहा रखने में जेल भेजने की धमकी देकर 40 हजार रूपये वसूल लिया।
मामले में एसएसपी प्रशांत वर्मा ने देर रात पूराकलंदर थाने के चार सिपाहियों राहुल सिंह, धीरेन्द्र मिश्रा, कृष्ण कुमार और शाहिद खान को निलंबित किया है। वहीं थाना प्रभारी राजेश सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। शनिवार को पुलिस कार्यालय से बताया गया कि कार्रवाई के साथ मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।