गोंडा में बच्चे को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला, गड्ढे में दबे बच्चे का पैर दिखा तो मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोंडा जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ गांव के मजरा बरगदिया में शनिवार की शाम ट्रैक्टर लेकर निकले युवक ने ट्रैक्टर से कुचलकर एक बालक को मार डाला। ट्रैक्टर चालक ने बालक के शव को पहले झाड़ी में छिपा दिया।
इसके बाद उसने देर रात बालक के घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में गड्ढा खोदकर शव को गाड़ दिया। परिवारीजन बालक की तलाश करते रहे। रविवार को सुबह खेत में नई पटान देखी तो संदेह होने पर लोग वहां पहुंचे। मिट्टी के नीचे दबे बालक के शव का एक पैर बाहर दिखाई पड़ रहा था। इस पर गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गड्ढा खोदवाकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस मामले में बालक के बाबा ने ट्रैक्टर मालिक व चालक के खिलाफ कोतवाली करनैलगंज में तहरीर दी। मामले में पुलिस ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाकर बालक को कुचलकर मार डालने व साक्ष्य छिपाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
करनैलगंज कोतवाली की भंभुआ पुलिस चौकी क्षेत्र के रामगढ़ गांव के मजरा बरगदिया के रहने वाले रामधनी गुप्ता ने बताया कि उनका पौत्र अमित गुप्ता (11) पुत्र रमेश कुमार शनिवार को गांव में ही बकरी चराने निकला था। रामधनी के मुताबिक देर शाम तक अमित घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई।
ट्रैक्टर चलाने निकला था और कुचलकर मार डाला
मवेशी चरा रहे अन्य बालकों से जानकारी करने पर पता चला कि पास के पंचमढ़ी गांव के रहने वाले संजय मिश्रा का ट्रैक्टर लेकर मुंजही गौरासिंहपुर गांव निवासी श्रवण कुमार चलाने निकला था। श्रवण ने अमित को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला और शव को पास में ही झाड़ी में छिपा दिया। इसके बाद देर रात श्रवण ने घर से कुछ दूरी पर गड्ढा खोदकर शव को खेत में गाड़ दिया।
रामधनी ने बताया कि अमित की खोजबीन के दौरान लोगों ने खेत के बीचोबीच नई पटान देखी तो संदेह होने पर वहां पहुंचे। बालक के शव का एक पैर गड्ढे से बाहर दिखाई पड़ रहा था। इससे लोगों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे कोतवाल करनैलगंज ने गड्ढा खोदवाकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामधनी गुप्ता ने कोतवाली करनैलगंज में संजय मिश्रा व श्रवण कुमार के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने इस मामले में लापरवाही से ट्रैक्टर चलाकर बालक को मार डालने व साक्ष्य छिपाने की रिपोर्ट दर्ज की है।