{"_id":"66d8452db75932e37c088e2a","slug":"a-six-years-old-child-falls-in-a-big-drain-in-lucknow-2024-09-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखनऊ: नाली में गिरी 7 साल की मासूम, बहकर नाले में पहुंची, तलाश में नगर निगम की टीम भी लगी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखनऊ: नाली में गिरी 7 साल की मासूम, बहकर नाले में पहुंची, तलाश में नगर निगम की टीम भी लगी
Thu, 05 Sep 2024 10:53 AM IST
ishwar ashish
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: ishwar ashish
Updated Thu, 05 Sep 2024 10:53 AM IST
सार
लखनऊ के वजीरगंज इलाके में एक छह साल की मासूम पैर फिसलने से नाले में गिर गई। स्थानीय लोगों की मदद से तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
नाले में गिरी बच्ची।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
वजीरगंज के मल्लाही टोला में बुधवार दोपहर बारिश में भीगते हुए खेलते-खेलते एक बच्ची नाली में गिर गई। वह बहकर नाले में चली गई। देर रात तक दमकल की टीम गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश में जुटी रही, लेकिन बच्ची का कुछ भी पता नहीं चल सका। परिजन रोते-बिलखते रहे। मल्लाही टोला निवासी इरफान मजदूरी करते हैं। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे बारिश हो रही थी। तभी उनकी सात साल की बेटी नशरा, बड़ी बेटी नाजिया व सबसे छोटा बेटा अयान बारिश में नहाते हुए खेल रहे थे। इसी दौरान घर के पास से गुजर रही एक बड़ी नाली में नशरा गिर गई। सभी बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे।
विज्ञापन
इरफान के साथ आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन नशरा का कुछ पता नहीं चला। कुछ दूरी पर ही नाली एक नाले में जाकर मिलती है। उसी में नशरा गिर गई। नशरा की तलाश जारी है। एडीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि बच्ची की तलाश में दमकल की टीम के साथ साथ अन्य विभाग भी लगे हैं। नाले में जाल भी डाला गया है। अब तक कुछ भी पता नहीं चल सका है। मासूम की तलाश में नगर निगम की टीम भी लगी हुई है।
विज्ञापन
बोली थी...अम्मी ऑमलेट बना दो
नशरा की मां रोशन उर्फ मोना आसपास के कुछ घरों में घरेलू काम करती हैं। नशरा ने दोपहर में कहा था..अम्मी ऑमलेट बना दो। तब रोशन ने बोला था कि अभी वह काम करने जा रही हैं, लौटकर बना देंगे। लेकिन, क्या पता था कि तब तक बेटी ही लापता हो जाएगी। अफसोस में डूबीं रोशन बिलख-बिलख कर बस बेटी की सलामती की दुआएं करती रहीं।
विज्ञापन
बॉल लेने दौड़ी थी मासूम, पैर फिसलने से गिरी
भाई और बहन की आंखों के सामने नशरा नाली में बह गई। उसके भाई-बहन भी काफी सहमे और दुखी हैं। उन्होंने बताया कि बॉल लेने के लिए नशरा दौड़ी थी। काई लगी होने की वजह से उसका पैर फिसल गया और वह नाली में जा गिरी।
इलाकाई लोगों में आक्रोश
मासूम के नाली में गिरकर लापता होने की घटना की खबर पाकर सैकड़ों इलाकाई लोग इकट्ठा हो गए। ये सभी काफी आक्रोशित दिखे। उनका कहना था कि कुछ साल पहले दो बच्चे नाले में गिरकर बह गए थे। रिवर बैंक काॅलोनी के पास जाल में फंसे मिले थे। इसके बावजूद आज तक वही हाल है। जिम्मेदारों ने कोई सुधार नहीं किया। सपा विधायक रविदास मल्होत्रा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा, नगर निगम की लापरवाही से हादसा हुआ। नाली और नाले के बीच जाल नहीं था। अगर जाल होता, तो बच्ची के साथ हादसा नहीं होता।