Ayodhya News : युवक की हत्या के बाद हवनकुंड में डाला शव, प्रधानपति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अयोध्या में युवक की हत्या कर उसके शव को निर्माणाधीन हनुमान मंदिर परिसर के हवन कुंड में डाल दिया गया। इसके बाद हड़कंप मच गया। पांच थानों की पुलिस व सीओ के मान मनौव्वल के बाद परिजनों ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अयोध्या में मिल्कीपुर में युवक की हत्या कर बुधवार रात उसके शव को इनायतनगर थाने के अहिरौली सलोनी गांव में स्थित निर्माणाधीन हनुमान मंदिर परिसर के हवन कुंड में डाल दिया गया। यज्ञशाला में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों व ग्रामीणों ने घंटों हंगामा किया। पांच थानों की पुलिस व सीओ के मान मनौव्वल के बाद परिजनों ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया। इनायतनगर पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर प्रधानपति समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इनायतनगर थाना क्षेत्र के जमुआ पूरे शिवदीन तिवारी निवासी योगेंद्र नाथ तिवारी के बेटे शिवम (28) का शव बृहस्पतिवार सुबह अहिरौली सलोनी गांव से बाहर रामबाग में निर्माणाधीन मंदिर के पास स्थित यज्ञशाला के हवन कुंड में लटका मिला। सूचना मिलते ही युवक के परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। मृतक के कपड़े और चप्पल यज्ञशाला से थोड़ी दूर पड़े हुए थे। शरीर पर केवल अंडरवियर ही था और कमर से नीचे का हिस्सा हवन कुंड के अंदर था। शरीर का ऊपरी भाग हवन कुंड से बाहर की तरफ जमीन पर था। युवक के गले में एक गमछा बंधा था और उसका दूसरा छोर एक पतले डंडे से बंधा था।
ये भी पढ़ें - सपा कार्यालय के बाहर लगे 'इस बार पीडीए सरकार' के पोस्टर..., सामाजिक न्याय के मुद्दे पर लड़ेगी पार्टी
ये भी पढ़ें - राममंदिर की सुरक्षा के प्लान को मिली मंजूरी, भक्तों को नहीं होगी असुविधा
आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि गांव में स्वयं सहायता समूह के सेल्फ सेंटर का निर्माण हो रहा है। रामू उर्फ शिवम अपने भाई सत्यम के साथ बुधवार को वहां पहुंचा और निर्माण का विरोध किया। उसने आरोप लगाया था कि निर्माण उसके बाग की भूमि में हो रहा है। ग्राम प्रधान के पति विनोद कुमार का कहना है कि निर्माणाधीन सेंटर गांव के राजस्व अभिलेखों में बंजर व नवीन परती के खाते की भूमि में बनाया जा रहा है। दोनों भाई काम रोके जाने की जिद पर अड़े थे। निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार जितेंद्र से काफी विवाद भी हुआ था। ठेकेदार ने 112 पीआरबी को सूचना दी थी। पुलिस सत्यम को थाने ले गई थी। बृहस्पतिवार को शिवम की हत्या की खबर पाकर इंस्पेक्टर नीरज सिंह, उसके भाई सत्यम को लेकर आनन-फानन घटनास्थल पर छोड़ने पहुंच गए।
ग्रामीणों ने शव रखकर किया प्रदर्शन, पुलिस पर आरोप
घटनास्थल पर पहुंचे आक्रोशित ग्रामीणों ने इंस्पेक्टर नीरज सिंह को दौड़ा लिया। सत्यम ने भीड़ के सामने अपने कपड़े उतार कर बताया कि इनायत नगर पुलिस ने रात भर उसे यातना दी है। ग्रामीण मांग कर रहे थे कि सत्यम को मारने वाले पुलिस कर्मियों को मौके पर बुलाया जाए। परिवारीजनों व ग्रामीणों ने कहा कि संबंधित पुलिसकर्मियों समेत हत्या के आरोपी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और ठेकेदार व अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। हंगामे की खबर पर इनायत नगर थाने की पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गई और लाठी फटकार कर मौजूद ग्रामीणों को खदेड़ना चाहा, लेकिन भीड़ टस से मस नहीं हुई। आक्रोशित लोगों ने युवक का शव रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इनायतनगर इंस्पेक्टर नीरज सिंह ने घटनाक्रम की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इस पर कुमारगंज, खंडासा, इनायतनगर, पूराकलंदर और कैंट थानों की पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी बीकापुर राजेश कुमार तिवारी भी पहुंच गए। उन्होंने उग्र ग्रामीणों को समझाया। इस दौरान पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा भी पहुंच गए और उन्होंने पीड़ितों व ग्रामीणों से बात की। काफी मान मनौव्वल और मामले में एफआईआर दर्ज करने के आश्वासन पर आक्रोशित लोग शांत हुए।
एसपी ग्रामीण ने दर्ज किए बयान
एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने इनायतनगर थाने में कैंप कर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। इनायत नगर पुलिस ने मृत युवक के पिता योगेंद्र नाथ तिवारी की तहरीर पर प्रधानपति विनोद कुमार, तुंगनाथ, शोभावती व शुभम तिवारी निवासी ग्राम अहरौली सलोनी और ठेकेदार जितेंद्र कुमार शुक्ला निवासी मवई खुर्द पूरे रामनाथ शुक्ल के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस मामले के कई पहलुओं की जांच के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है।