घर में अकेले रह रहे युवक की गला काटकर बेरहमी से हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के चिनहट के लोनापुर नई बस्ती निवासी 40 वर्षीय धर्मराज यादव की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी गई। धर्मराज माली का काम करता था और घर पर अकेला था। सोमवार सुबह छत पर पंखा चलते देख पड़ोसी मौके पर पहुंचा तो टिन शेड के नीचे धर्मराज को खून से लथपथ हालत में औंधे मुंह पड़ा देख होश उड़ गए। उसने पुलिस कंट्रोलरूम को सूचना दी।
फोरेंसिक टीम सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। धर्मराज के गले व कनपटी पर कई घाव थे। पास ही शराब की टूटी हुई बोतल पड़ी थी। सीओ गोमती नगर सत्यसेन यादव ने वारदात में किसी परिचित का हाथ होने की आशंका जताई है। धर्मराज के छोटे भाई राजू ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है।
सीओ ने बताया कि धर्मराज मूलरूप से बाराबंकी के हैदरगढ़ मझारगढ़ी का था और करीब पांच साल से दो कमरे का मकान बनाकर यहां छोटे भाई राजू उर्फ धर्मपाल व उसकी पत्नी पूजा साथ रहता था। उसकी शादी नहीं हुई थी।
पूजा गर्भवती होने की वजह से बाराबंकी के जैदपुर सरैया गांव स्थित मायके में रह रही थी। रविवार को राजू उससे मिलने चला गया। धर्मराज घर पर अकेला था। सोमवार दोपहर 12 बजे तक पड़ोसी दाताराम राठौर ने छत पर टेबिल फैन चलते हुए देखा तो वहां आ गया। नजारा देखते ही उसके होश उड़ गए।
इन हालत में मिला शव
धर्मराज का शव जमीन पर पड़ा था। शरीर पर लाल टी-शर्ट, बनियान और अंडरवियर थी। चारों तरफ खून बिखरा था। शराब की टूटी हुई बोतल का नीचे का हिस्सा और कुछ सिक्के भी फैले थे। पास ही तखत पर उसकी जींस और कंबल रखा था। तखत के नीचे मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगा था। दाताराम ने तत्काल पुलिस कंट्रोलरूम को सूचना दी।
चिनहट पुलिस, फोरेंसिक टीम और सीओ गोमतीनगर मौके पर आ गए। मृतक की गर्दन की सांस नली और आसपास किसी नुकीले हथियार से घोंपने के चार निशान थे। कपड़ों की तलाशी में जेब से गांजे की एक पुड़िया और कुछ रुपये मिले हैं। छत पर लगा टेबिल फैन का रुख तखत के विपरीत दिशा में था।
सूचना पाकर राजू व अन्य परिवारीजन आ गए। राजू ने बताया कि भाई छत पर ही टिन शेड के नीचे सोता था। पुलिस ने लूटपाट के चलते हत्या की आशंका से इनकार किया है। सीओ का कहना है कि वारदात रविवार रात किसी वक्त हुई होगी।
ऐसा लग रहा है कि धर्मराज ने किसी परिचित को घर बुलाया और शराब पीने के दौरान दोनों के बीच झगड़ा हुआ। जिसके बाद परिचित ने शराब की बोतल फोड़कर उस पर ताबड़तोड़ वार करके हत्या कर दी।
खुले रहते थे घर के दरवाजे
राजू ने बताया कि वह और उसकी पत्नी कमरा बंद करके सोते थे जबकि धर्मराज छत पर टिन शेड के नीचे ही सोता था। घर के दरवाजे अमूमन खुले ही रहते थे। घर आने-जाने वाले हर व्यक्ति को छत का रास्ता मालूम था। धर्मराज से मिलने आए लोग अक्सर मेन गेट से बिना पूछे ही छत पर चले जाते थे।
बाइक ले जाने को लेकर भाई से हुई थी कहासुनी
राजू ने बताया कि रविवार को उसे पत्नी से मिलने बाराबंकी स्थित ससुराल जाना था। उसने भाई से बाइक व कुछ रुपये मांगे।
हालांकि, धर्मराज ने मना कर दिया। इस बात को लेकर उसकी भाई से कहासुनी भी हुई थी। धर्मराज ने कहा कि उसे एक परिचित से मिलने बिलाईखेड़ा गांव जाना है। धर्मराज बाइक लेकर चला गया तो राजू ने पड़ोसी राम अवतार से रुपये व बाइक उधार ली थी।