मोबाइल पर प्रेमिका से करता था बात, पत्नी ने रोका तो काटा गला
कोतवाली के नवाबाद गांव में दूसरी शादी करने के चक्कर में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। मृतका का शव गेहूं के खेत में पाया गया है। पिता की तहरीर पर अरोपी पति के खिलाफ पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
घटना बुधवार की सुबह उतरौला कोतवाली क्षेत्र में स्थित नवाबाद गांव के निकट स्थित ईंट भट्ठे पर हुई। कटिया मटेहरा थाना बलरामपुर देहात निवासी परशुराम चौहान ने अपनी 26 वर्षीय पुत्री राधा की शादी करीब 6 वर्ष पूर्व ग्राम लोनियनपुरवा इमलीडिहवा कोतवाली मनकापुर जनपद गोण्डा निवासी राजेश चौहान के साथ की थी।
परशुराम का पूरा परिवार तथा राधा व उसका पति राजेश ग्राम टेढ़वा नवाबाद स्थित ईंट भठ्ठे पर रहकर मजदूरी करते थे। दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। राधा के पिता परशुराम का आरोप है कि राजेश दूसरी शादी करना चाहता है। राजेश मोबाइल पर देर तक किसी लड़की से बात करता था।
यह बात राधा को पसंद नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। मंगलवार शाम को भी राजेश व राधा के बीच झगड़ा हुआ तो परशुराम आदि ने दोनों को समझाकर विवाद शांत कराया।
पत्नी को मारने के बाद हो गया फरार
रात में सब लोग अपने-अपने छप्पर में सोने चले गए। बुधवार सुबह परशुराम ने देखा कि राधा व राजेश अपने छप्पर में नहीं है। दोनों की तलाश होने लगी। थोड़ी देर बाद राधा का शव कुछ दूरी पर गेहूं के खेत में खून से लथपथ मिला। राधा की गला काटकर हत्या की गई थी।
कोतवाल उतरौला एसके राय ने बताया कि परशुराम की तहरीर पर मृतका के पति राजेश के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। हत्या के पीछे परशुराम द्वारा दूसरी शादी करने के चक्कर में पहली पत्नी को मौत के घाट उतारने का कारण लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। राजेश की तलाश की जा रही है।
पिता की हैवानियत के चलते चार साल का मासूम बच्चा गुड्डू अनाथ हो गया। मां को मारने वाला पिता पुलिस के डर से फरार हो गया है। चार साल का मासूम सूनी आंखों से ननिहाल के लोगों को रोते-बिलखते हुए देखकर सहमा हुआ है।
उसे यह नहीं पता कि उसकी मां के साथ क्या हुआ है। वह बार-बार लोगों से मम्मी और पापा के बारे में पूछ रहा है। परिजन उसे झूठी तसल्ली देकर शांत कराने का प्रयास कर रहे है।