बदला लेने के लिए बदमाशों को पकड़वाने वाले का किया अपहरण, मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानून-व्यवस्था को खुलेआम चुनौती देते हुए अमेठी में एटीएम चोरों के गैंग ने उस युवक को अगवा कर लिया, जिसने उनके दो साथियों को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया था। गैंग ने युवक को पीटा और पुलिस को फोन कर उसे जान से मारने की धमकी दी।
मामला सामने आते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। दबिश के लिए गई स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस ने गैंग के चार बदमाशों को प्रतापगढ़ सीमा पर दबोच लिया। एएसपी बीसी दुबे ने बताया कि अगवा युवक को भी छुड़ा लिया गया है।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के मंधरपट्टी निवासी अतुल यादव अपने ममेरे भाई रवि यादव निवासी बनकटवा के साथ रविवार शाम साढ़े 4 बजे बाइक से सगरा तिराहे के पास केनरा बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए थे। तभी बाइक पर दो युवक वहां पहुंचे। इसी बीच, अतुल व रवि का दोस्त सौरभ तिवारी भी पहुंचा।
सौरभ को इन दोनों युवकों पर पहले ही एटीएम से पैसे चुराने का शक था। तीनों ने दोनों को दबोच लिया। तलाश में तीन एटीएम कार्ड के साथ कई फर्जी आईडी मिली। दोनों को अमेठी पुलिस को सौंप दिया।
बचाने पहुंचे तो तान दी पिस्टल
थोड़ी देर बाद सौरभ बाइक लेकर निकला तो सफेद रंग की एसयूवी पर सवार 4 बदमाशों ने उसे रोक लिया और जमकर पिटाई की। पास में खड़े अयोध्या प्रसाद मिश्र बचाने पहुंचे तो उन पर पिस्टल तान दी। सौरभ को गाड़ी में बैठाकर प्रतापगढ़ की ओर भाग निकले। अयोध्या ने अमेठी कोतवाली को इसकी सूचना दी।
बदमाशों ने पुलिस अभिरक्षा में बैठे एक बदमाश के मोबाइल फोन पर कॉल कर पुलिस को धमकी दी कि उनके साथियों को नहीं छोड़ा तो सौरभ को जान से मार दिया जाएगा।
जिस नंबर से धमकी मिली, उसे सर्विलांस पर लगाया तो लोकेशन प्रतापगढ़ की दिखी। तब स्वाट टीम ने पीछाकर बदमाशों को दबोच लिया।