मोदी जी! बहनों की शादी के लिए दीजिए दहेज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जटपुरा निवासी मनजीत ने अपनी दो बहनों की शादी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दहेज मांगा है। इसके लिए उन्होंने बाकायदा दहेज के सामानों की सूची बनाकर पीएम को पत्र भेजा था।
मनजीत की चिट्ठी पर पीएमओ ने कार्रवाई करते हुए दहेज के सामानों की सूची के साथ जिला प्रशासन को एक चिट्ठी भेजी है। इस चिट्ठी के माध्यम से पीएमओ ने डीएम बुलंदशहर से मनजीत की माली हालत के संबंध में जानकारी मांगी है।
बता दें कि जटपुरा निवासी मनजीत की दो बहने हैं और दोनों की उम्र शादी लायक हो गई है। मनजीत दोनों के विवाह को लेकर चिंतित हैं क्योंकि उनकी माली हालत ठीक नहीं है। वह दोनों बहनों की शादी में दहेज का सामान देने की स्थिति में नहीं है।
ऐसे में मनजीत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दहेज की सूची बनाकर चिट्ठी भेजकर दहेज मांगा है। पत्र में मनजीत ने परिवार की आर्थिक स्थिति के विषय में विस्तार से लिखा।
उन्होंने कहा है कि उनकी दो बहने हैं, जिनका जल्द ही विवाह करना है लेकिन माली हालत विवाह की इजाजत नहीं देती। ऐसे में उनकी बहनों की शादी के लिए पीएम मोदी दहेज उपलब्ध कराएं।
इस तरह हुआ मामले का खुलासा
मनजीत ने दहेज की सूची भी पीएम को भेजे गए पत्र में नत्थी कर दिया था। इसका खुलासा तब हुआ जब पीएमओ से जिला प्रशासन को चिट्ठी मिली। पीएमओ से जारी चिट्ठी में कहा गया है कि जिला प्रशासन मनजीत की माली हालत की जानकारी दे।
मनजीत की कमाई का जरिया क्या है, इसके बारे में भी बताया जाए। शुक्रवार को डीएम बी. चंद्रकला के सामने प्रकरण आया। उन्होंने मनजीत के मामले की जांच के लिए अफसर नियुक्त कर दिए हैं ताकि पीएमओ को जल्द रिपोर्ट भेजी जा सके।
मामले पर बुलंदशहर की डीएम चंद्रकला का कहना है कि सात दिन के भीतर मनजीत का सामाजिक और आर्थिक स्टेटस पीएमओ को भेज दिया जाएगा। इसके बाद की कार्रवाई पीएमओ को करनी है।
सवा बीघा जमीन है मनजीत के पास
मनजीत ने बताया कि उसके पास सवा बीघा जमीन है। उससे होने वाली आमदनी से परिवार चलाना मुश्किल है। मां भी लोगों के घरों में चूल्हा-चौका कर उनका पेट पाल रही है। ऐसे में दोनों बहनों का विवाह करना उनके बस में नही है। पीएम मोदी से बहनों के दहेज के लिए मांग की है। उम्मीद है कि मोदी मदद करेंगे।