आईएएस अफसर पर प्रवक्ता ने लगाया यौनशोषण का आरोप, अधिकारी ने दी ये सफाई
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक व आईएएस अफसर धीरज कुमार पर संस्थान की प्रवक्ता ने गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। प्रवक्ता का आरोप है कि निदेशक कार्यस्थल पर उसका यौनशोषण करते हैं। इंस्पेक्टर अमित कुमार दुबे ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
पीड़ित प्रवक्ता का कहना है कि वह पांच साल से संस्थान में कार्यरत है। इस दौरान निदेशक ने कई बार उससे अश्लील बातें कीं। लोकलाज के भय से इसे नजरअंदाज करती रही। इससे निदेशक का दुस्साहस बढ़ गया। सख्ती से जब उसने मना किया तो वे अभद्रता करने लगे।
5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर दोपहर करीब पौने दो बजे उन्होंने संस्थान बुलाया और अश्लील बातें करने लगे। प्रवक्ता का आरोप है कि टोकने पर निदेशक ने बदसुलूकी की और हाथ पकड़कर खींचते हुए ऑफिस से बाहर ले गए और धक्का दे दिया।
प्रवक्ता का आरोप है कि शिक्षक दिवस पर एक शिक्षक के साथ भी इस तरह का अश्लील व अभद्र व्यवहार करने से उसकी तबीयत बिगड़ गई थी।
आरोप भ्रामक एवं शरारतपूर्ण : धीरज
आरोप पर जवाब देते हुए निदेशक धीरज कुमार ने कहा कि रिपोर्ट दर्ज कराने वाली अतिथि प्रवक्ता के खिलाफ शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों ने शिकायत की थी कि वे ठीक से नहीं पढ़ाती हैं और जातिगत टिप्पणियां भी करती हैं।
शुक्रवार को यह अतिथि प्रवक्ता मुझसे मिलने आईं तो विद्यार्थियों से मिले इस फीडबैक पर बात हुई। इस दौरान वह जोर-जोर से बोलने लगीं। इस पर मैंने महिला अधिकारी को बुलाकर उन्हें अपने कक्ष से बाहर निकलवा दिया। मुझ पर लगाए गए उनके आरोप शरारतपूर्ण और भ्रामक हैं।