पिता की पिस्टल से गोली मारकर बेटी ने की खुदकुशी
अलीगंज थाना परिसर के सरकारी आवास में रहने वाले एएसपी पश्चिम के फॉलोवर की बेटी ने शनिवार सुबह पिता की लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिवारीजनों में हड़कंप मच गया।
खून से लथपथ बेटी को लेकर सभी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि स्कूल जाने को लेकर मां से कहासुनी के बाद उसने यह कदम उठाया।
एसआई शिवप्रताप सिंह ने बताया कि मूल रूप से सुल्तानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र स्थित बडहारियन का पुरवा गांव निवासी आशुतोष कुमार तिवारी की बेटी नेहा (15) केंद्रीय विद्यालय अलीगंज में 11 वी क्लास की छात्रा थी।
शनिवार सुबह सात बजे नेहा छोटी बहन आकांक्षा के साथ अपने कमरे में थी जबकि पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे। उसकी मां नीलम किचन में चाय बना रही थी। करीब आठ बजे नेहा के कमरे से गोली चलने की आवाज आई तो हड़कंप मच गया।
दायें हाथ में थी लाइसेंसी पिस्टल
आशुतोष और नीलम दौड़कर कमरे में पहुंचे तो नेहा बहन के बगल में खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ी थी। कनपटी से खून निकल रहा था। दायें हाथ में आशुतोष की लाइसेंसी पिस्टल थी।
आकांक्षा ने बताया कि वह सो रही थी तभी धमाका हुआ और आंख खुल गई। देखा तो नेहा बगल में पड़ी थी। परिवारीजन उसे कार से ट्रामा सेंटर ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पिस्टल कब्जे में लेकर फॉरेंसिक एक्सपर्ट को बुलवाया। टीम ने कमरे की बारीकी से छानबीन की। एसआई शिवप्रताप सिंह ने बताया छात्रा की खुदकुशी की वजह साफ नहीं है। मामले की जांच कराई जा रही है।