लापता मासूम की हैवानियत के बाद हत्या, तालाब में मिला शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पारा में सोमवार देर शाम से लापता सात साल की बच्ची से दरिंदगी के बाद हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह उसका शव घर से करीब 800 मीटर दूर तालाब में उतराता मिलने से हड़कंप मच गया।
परिवारीजनों ने बच्ची से हैवानियत के बाद हत्या की आशंका जताते हुए सोना विहार निवासी मुशीर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मुशीर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर ने बताया कि बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
इंस्पेक्टर ने बताया कि बच्ची के पिता दिहाड़ी मजदूर हैं और मूलरूप से उन्नाव के बांगरमऊ के रहने वाले हैं। करीब चार महीने से मजदूर अपनी तीन बेटियों व पत्नी संग पारा थाना क्षेत्र में किराये पर रह रहा है।
सोमवार शाम सात बजे सात वर्षीय बड़ी बेटी मकान मालिक के घर पर टीवी देखने गई थी। साढ़े आठ बजे तक वह घर नहीं आई तो परिवारीजन उसे बुलाने पहुंचे। मकान मालिक ने बताया कि बच्ची तो आधा घंटे पहले ही चली गई थी। यह सुनते ही घरवालों के होश उड़ गए।
बच्ची की मोहल्ले व आसपास इलाके में तलाश की गई लेकिन, कुछ पता नहीं चला। इस पर परिवारीजनों ने पारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
मंगलवार सुबह घर के पास तालाब में कुछ बच्चे मछली पकड़ने गए थे तभी शव उतराता दिख गया। बच्चों से सूचना पाकर भीड़ जुट गई। बच्ची के परिवारीजन मौके पर पहुंचे तो लाडली का शव देखकर रोना-पीटना मच गया।
बिटिया उठ, देख... ले आया तेरी टॉफी...
मासूम के शव के पास जाकर पिता ने मुट्ठी खोली तो दो टॉफी निकलीं। मुंह से निकला, बिटिया उठ जा। देख...। ले आया तेरी टॉफी। यह कहते हुए पिता फफक पड़ा। दुखी पिता ने बताया कि सोमवार शाम वह टॉफी मांग रही थी।
रुपये नहीं थे इसलिए उसे मां के पास भेज दिया। मां ने भी रुपये न होने की बात कही तो पिता का कलेजा भर आया। उसने बच्ची को टीवी देखने मकान मालिक के घर भेज दिया और परचून की दुकान से टॉफी लेकर पत्नी को दे दी थी।
वहीं, तालाब में बच्ची का शव मिलते ही लोगों ने उसे डुबोकर मारने अथवा गला घोंटकर हत्या करने की आशंका जताई। बच्ची के शरीर पर ऐसी कोई चोट नहीं मिली है जिससे मौत हो सके।
पुलिस का कहना है कि हो सकता है कि बच्ची अंधेरे में तालाब में फिसलकर डूब गई हो। हालांकि, बच्ची के तन पर कपड़ा नहीं होने से दरिंदगी के बाद हत्या की आशंका ज्यादा लग रही है।
मोबाइल चोरी के आरोप पर दे रहा था धमकियां
मुशीर जिस मकान में रहता है, पहले बच्ची का परिवार भी वहीं रहता था। बच्ची के पिता ने बताया कि मुशीर अक्सर घर आता था। कुछ दिन पहले उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया।
मुशीर पर शक जताया तो वह झगड़ने लगा और बदनाम करने की धमकी दी। पीड़ित पिता ने बताया कि मुशीर अपराधी किस्म का था और उसे धमकाता था। इसके चलते चार महीने पहले उसने घर बदल लिया।
पीड़ित के मुताबिक, मोबाइल चोरी के आरोपों का बदला लेने के लिए ही उसने बच्ची को अगवा किया और दरिंदगी के बाद हत्या कर दी।
पीड़ित परिवार सोमवार रात ही पुलिस को लेकर मुशीर के घर गया था, लेकिन वह नहीं मिला। इलाके में ही मुशीर एक खाली मकान में अड्डेबाजी करता था। पुलिस टीम ने उसे वहां से दबोचा।
घर के सामने लगता है जुआरी-शराबियों का अड्डा
इलाकाई लोगों ने बताया कि पीड़ित परिवार के घर के सामने ही मैदान है। यहां सुबह से देर रात तक जुआरियों व शराबियों का अड्डा लगा रहता है। अराजक तत्व शराब, अफीम-चरस-गांजा और स्मैक पीकर हंगामा करते हैं।
हो सकता है कि किसी नशेबाज ने बच्ची को अगवा कर दरिंदगी की और मारकर तालाब में फेंक दिया हो। पुलिस इस आशंका से भी छानबीन कर रही है।