{"_id":"0144d4237a4332ff7f92cbd93d175d78","slug":"3-new-trauma-in-up","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी को तीन नए ट्रॉमा सेंटर का चुनावी तोहफा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी को तीन नए ट्रॉमा सेंटर का चुनावी तोहफा
शोभित श्रीवास्तव/अमर उजाला, लख्ननऊ
Updated Wed, 12 Feb 2014 09:09 AM IST
विज्ञापन
प्रदेश सरकार ने तीन और शहरों फिरोजाबाद, सोनभद्र व बलिया में ट्रॉमा सेंटर बनाने को मंजूरी दे दी है।
विज्ञापन
तीनों ही स्थानों पर करीब डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये से इसका निर्माण होगा। इसके लिए सरकार ने आधी रकम की पहली किस्त जारी भी कर दी है।
इन शहरों में ट्रॉमा सेंटर बनने के बाद आस-पास के लोगों को आकस्मिक चिकित्सा जरूरतों के लिए दूसरे स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा।
तीनों ही जिलों में ट्रॉमा सेंटर न होने के कारण इमरजेंसी के मरीजों को काफी दिक्कत होती थी।
दुर्घटना के मामलों में मरीजों को दूसरे स्थानों पर ले जाना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए सरकार ने तीनों ही जिलों में ट्रॉमा सेंटर को मंजूरी दे दी है।
फिरोजाबाद का ट्रॉमा सेंटर 150.71 लाख रुपये से तैयार किया जाएगा। इसके लिए 75.36 लाख रुपये सरकार ने जारी कर दिए हैं।
ट्रॉमा सेंटर का भवन जिला चिकित्सालय में ही बनाया जाएगा। विशेष सचिव स्वास्थ्य मयूर माहेश्वरी की ओर से इसके औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
सोनभद्र जिले में कलेक्ट्रेट व जिला मुख्यालय सहित अन्य भवनों के लिए सुरक्षित रखी गई जमीन पर ट्रॉमा सेंटर बनाया जाएगा।
इस पर 150.62 लाख रुपये का खर्च आएगा। इसकी भी पहली किस्त 75.31 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। यह रकम महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को ट्रॉमा सेंटर बनवाने के लिए दे दी गई है।
विज्ञापन
बलिया में भी जिला चिकित्सालय में ट्रॉमा सेंटर बनाया जाएगा। यहां पर यह 157.43 लाख रुपये में बनेगा। सरकार ने इसके लिए भी पहली किस्त के रूप में आधी रकम यानी 78.72 लाख रुपये जारी कर दिए हैं।
विज्ञापन
इन तीनों ट्रॉमा सेंटर का काम जल्दी शुरू हो जाए इसके लिए सरकार ने कहा है कि यह रकम इसी वित्तीय वर्ष में खर्च की जाए।