फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   आंधी-पानी ने बरपाया कहर, दो लोगों की मौत, 500 खंभे टूटे

आंधी-पानी ने बरपाया कहर, दो लोगों की मौत, 500 खंभे टूटे

Mon, 14 May 2018 11:32 PM IST
Updated Mon, 14 May 2018 11:32 PM IST
विज्ञापन
आंधी-पानी ने बरपाया कहर, दो लोगों की मौत, 500 खंभे टूटे
रायबरेली। जिले में रविवार की रात आई आंधी-पानी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस दौरान गदागंज थाना क्षेत्र में ईंट-भट्ठे पर सो रहे श्रमिक की छप्पर के नीचे दबकर मौत हो गई। वहीं, प्रतापगढ़ की सीमा पर नवाबगंज क्षेत्र में पेड़ से दबकर एक ग्रामीण की जान चली गई। बारिश के साथ ही डलमऊ, महराजगंज समेत कई क्षेत्रों में ओले भी गिरे। इससे आम की फसल को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। आंधी के चलते जिले भर में करीब 500 पोल टूटकर गिर गए, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। खंभे गिरने व तार टूटने से देहात क्षेत्र के लगभग 28 लाख लोग अभी भी अंधेरे में हैं। हालांकि शहर की बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है।
विज्ञापन

शहर क्षेत्र में आंधी-पानी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। हाथी पार्क के पास एक पेड़ गिर गया, जिससे कुछ देर तक सुपर मार्केट जाने वाले मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे कई लोगों की गुमटियां क्षतिग्रस्त हो गईं। डलमऊ प्रतिनिधि के मुताबिक गदागंज थाना क्षेत्र के खरगवनपुर मजरे सुदामापुर निवासी वीरेंद्र कुमार क्षेत्र के एक भट्ठे पर मजदूरी करता था। रात में भट्ठे पर छप्पर के नीचे सो रहा था। आंधी के कारण छप्पर गिर गया। इससे मलबे में दब कर वीरेंद्र की मौत हो गई। मौत होने से उसकी पत्नी चंद्रकली तथा पुत्र आनंद गिरि व पुत्री आंचल का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ रामकिशोर ने बताया कि तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी गई है। पीड़ित परिवार को सरकारी मदद दिलाई जाएगी। भट्ठा मालिक ने भी मदद देने की बात कही। क्षेत्र में आंधी-पानी के साथ ओले भी गिरे। कई पेड़ गिर गए। घरों में रखे टिनशेड उड़ गए। सतांव प्रतिनिधि के मुताबिक अटौरा बुजर्ग के पास रास्ते में पेड़ गिर गया।, जिससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। महराजगंज प्रतिनिधि के मुताबिक आंधी-पानी के कारण कई पेड़ धराशायी हो गए। साथ ही ओले गिरने से उड़द, आम की फसल को नुकसान हुआ। बछरावां प्रतिनिधि के मुताबिक बिजली कटौती के कारण कस्बे की पानी आपूर्ति ठप रही। जगतपुर, ऊंचाहार, सलोन आदि क्षेत्रों में भी आंधी-पानी से जनजीवन अस्त-व्यस्त है।
विज्ञापन

उधर, आंधी-पानी से जिलेभर की बिजली आपूर्ति पटरी से उतर गई। शहर में भी हाथी पार्क, पीडब्ल्यूडी, विकास भवन, एफजी कॉलेज, जीआईसी समेत कई जगह पेड़ गिरने से बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। प्रगतिपुरम विद्युत उपकेंद्र की रात ढाई बजे तो, तेलियाकोट और गोराजाबार उपकेंद्र की आपूर्ति सोमवार की सुबह बहाल हो सकी। डीह प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई। कई जगह पेड़ गिरने से तार और खंभे टूट गए। त्रिपुला से डीह विद्युत उपकेंद्र को जाने वाली 33 केवी लाइन पर रामगंज, डेला, भुएमऊ के पास पेड़ गिरने से खंभे टूट गए। पूरे ब्लॉक क्षेत्र की बिजली गुल है। इसी तरह टेकारी, इमली तिराहा, गड़वा तिराहे, डेला, नयापुरवा, वीरगंज, मऊ, रोखा सहित अन्य गांवों में आधी से 60 खंभे टूट गए और तार जमीन पर पडे़। अवर अभियंता सौरभ यादव ने बताया आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है। सलोन प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक क्षेत्र में आंधी-पानी में 100 बिजली के खंभे टूट गए। इससे गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। सलोन-जगतपुर मार्ग पर माडर्न पब्लिक स्कूल के पास महुए का पेड़ गिरने से बिजली के तार और कई खंभे टूट गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

जगतपुर प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक क्षेत्र में 40 से ज्यादा बिजली के खंभे टूट गए हैं। बीर का पुरवा में चार, उमरी में एक, पूरे पांडेय में आठ, चंदौली में आठ, लाला का पुरवा में दो, चकपुरवा में तीन, पूरे मुराइन में दो, सिंगापुर भटौली में दो, पटनहिया में दो, सरांय दामू में एक पोल टूट गया। इससे पूरे ब्लॉक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद है। इसके अलावा परशदेपुर में 40, महराजगंज में 33, शिवगढ़ में 29, डलमऊ में 49, गदागंज में 21, ऊंचाहार में 26, खीरों में 41 बिजली के खंभे टूटने से गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। कई और इलाकों में भी पोल टूटने की सूचना है। इन्हौंना प्रतिनिधि के मुताबिक अमेठी जिले के सिंहपुर ब्लॉक क्षेत्र में आंधी-पानी से कई जगह पेड़ गिरने से 450 गांव 24 घंटे से अंधेरे में है।इंसेट
ऊंचाहार थाना क्षेत्र में आंधी के कारण पेड़ गिरने से एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। रात में एक ही परिवार के लोग दो बाइकों पर सवार होकर मखदूमपुर रिश्तेदारी जा रहे थे। जमुनापुर चौराहा के पास दोनों बाइक पर पेड़ गिर गए, जिससे सतहरा निवासी समरजीत (28), उसकी पत्नी निशा (27) के अलावा रंजीत (24), अमरजीत (24), कमलेश (24), अर्पित (ढाई) घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। एसओ धनंजय सिंह ने बताया कि पेड़ गिरने से हादसा हुआ। उधर, रायबरेली-प्रतापगढ़ सीमा पर रविवार की रात आम बीनने बाग गए एक ग्रामीण पर पेड़ गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रतापगढ़ जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बेनऊ का पुरवा गांव निवासी बिरजू की बाग दयालपुर गांव के पास है। यह गांव रायबरेली-प्रतापगढ़ बार्डर पर है। बिरजू आम बिनने गया था। इसी दौरान आंधी चलने के कारण एक पेड़ बिरजू के ऊपर गिर गया, जिसमें दबकर उसकी मौत हो गई। एसपी शिवहरि मीणा ने बताया कि पेड़ गिरने के चलते बिरजू की मौत हुई है, लेकिन यह मामला क्षेत्र प्रतापगढ़ जिले के अंतर्गत आता है। वहीं की पुलिस शव का पोेस्टमार्टम करा रही है।

ट्रेन पर गिरा पेड़, काफी देर तक खड़ी रही गाड़ी
रविवार की रात डलमऊ रेलवे स्टेशन पर रघुराज सिंह रायबरेली पैसेंजर ट्रेन खड़ी थी। इसी दौरान आई आंधी व पानी से एक पेड़ टूटकर ट्रेन पर गिर गया। इससे काफी देर तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।


आपूर्ति शुरू कर करने का हो रहा प्रयास
आंधी से करीब 500 बिजली के पोल टूट गए हैं। स्टोर से पर्याप्त सामान नहीं मिलने की वजह से आपूर्ति शुरू करने में समय लग रहा है। जिन गांवों में पोल टूटे हैं, वहां की आपूर्ति बंद करके शेष गांवों की बिजली आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। जैसे पोल मिलते हैं, आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।
-पंकज श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता, पावर कॉर्पोरेशन
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed