लखनऊ। बीकेटी स्थित रामसागर मिश्रा संयुक्त चिकित्सालय में जल्द ही 15 बेड की अत्याधुनिक आईसीयू की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसमें आधुनिक वेंटिलेटर भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे गंभीर रूप से बीमार मरीजों को इलाज के लिए अब दूसरे अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस नई सुविधा का संचालन लोहिया संस्थान के विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में करने की तैयारी है।
अस्पताल में प्रतिदिन ओपीडी में डेढ़ हजार और इमरजेंसी में करीब 90 से 100 मरीज आते हैं। यहां बाल रोग, हड्डी, सर्जरी, पैथोलॉजी और स्त्री रोग सहित कई महत्वपूर्ण विभाग संचालित हैं। अस्पताल में 150 से अधिक बेड पर मरीजों को भर्ती किया जाता है। सीतापुर हाईवे पर स्थित होने के कारण सड़क हादसों में घायल गंभीर मरीजों को सबसे पहले इसी अस्पताल में लाया जाता है। वर्तमान में वेंटिलेटर की आवश्यकता वाले मरीजों को केजीएमयू या लोहिया संस्थान भेजा जाता है। अपर निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि 15 बेड के आईसीयू वार्ड में 10 वेंटिलेटर होंगे। शासन से बजट मिलते ही जनवरी के अंत तक मरीजों की भर्ती शुरू कर दी जाएगी।