पंचायत चुनाव में 14088 प्रत्याशी हैं चुनाव मैदान में
पंचायत चुनाव में पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन प्रक्रिया मंगलवार को समाप्त हो गई। जिला पंचायत सदस्यों के लिए अब 14088 प्रत्याशी मैदान में खड़े हो गए हैं।
वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य के पद पर 106233 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। 30 सितंबर व एक अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
पहले चरण में सभी 74 जिलों के 218 ब्लॉकों के 921 जिला पंचायत वार्ड व 20022 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए मतदान होना है। दो दिन चले नामांकन के बाद पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है।
तीन अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे उम्मीदवार
तीन अक्तूबर को सुबह आठ बजे से तीन बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं। इसी दिन प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न भी वितरित किए जाएंगे। पहले चरण का मतदान नौ अक्तूबर को होगा।
अपर राज्य निर्वाचन आयुक्त वेद प्रकाश वर्मा ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया शाम चार बजे तक थी। लेकिन जो भी प्रत्याशी लाइन में लग गया उसका नामांकन दाखिल किया गया है।
इसके बाद सभी जिलों के अफसरों ने अपने यहां नामांकन की सूचना सॉफ्टवेयर के जरिए ऑनलाइन फीड की है।
नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की सही तस्वीर सामने आएगी। इसके बाद सभी चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों का विवरण ऑनलाइन किया जाएगा।