आज रात सवा तीन घंटे बंद रहेगी रेलवे आरक्षण व 139 सेवा
दिल्ली में कंप्यूटरीकृत यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) के अपग्रेडेशन के चलते रविवार रात सवा तीन घंटे तक उत्तर भारत में रेलवे का सर्वर बंद रहेगा।
इसके चलते लखनऊ समेत इस क्षेत्र के तमाम पीआरएस केंद्रों में पूछताछ व 139 सेवा बाधित रहेगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीरज शर्मा ने बताया कि रेलवे के देशभर में पांच सर्वर हैं, जहां से टिकटों की बुकिंग व पूछताछ केंद्र संचालित होते हैं।
इनमें दिल्ली, मुंबई, सिकंदराबाद, चेन्नई व कोलकाता शामिल हैं। चूंकि, दिल्ली पीआरएस में रविवार रात 11.45 से लेकर सुबह तीन बजे तक अपग्रेडेशन का काम होना है, इसलिए सवा तीन घंटे तक सर्वर बंद रहेगा।
रात में नहीं होती है बुकिंग
इससे उत्तर भारत में पूछताछ केंद्र व 139 सेवा भी बाधित रहेगी। अपग्रेडेशन के लिए रात का वक्त चुना गया है, ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो।
दरअसल, रात में न तो रिजर्वेशन काउंटरों से और न ही आईआरसीटीसी के जरिए टिकटों की बुकिंग होती है।
दिल्ली पीआरएस के सर्वर से उत्तर भारत के तमाम रिजर्वेशन केंद्र जुड़े हैं, इसलिए मेंटीनेंस का लखनऊ समेत पूर्वोत्तर रेलवे, उत्तर रेलवे व अन्य जोनों में प्रभाव पड़ेगा।