मोदी सरकार के 11 साल: सीएम योगी बोले- नया भारत शांति की रट नहीं लगाता...ऑपरेशन सिंदूर से मुंहतोड़ जवाब देता है
केंद्र की मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा मुख्यालय में प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा दिया।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्ष का कार्यकाल भारत वर्ष के स्वर्णिम काल के रूप में जाना जाएगा। इस कार्यकाल में पीएम मोदी ने भारत को वैश्विक पहचान दी है। कांग्रेस समेत अन्य अस्थिर सरकारों में आमजन का विश्वास टूट गया था। वैश्विक स्तर पर भारत की छवि तार-तार हो गई थी। पीएम मोदी के भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद से मुक्त नेतृत्व ने देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाकर अगले 25 वर्ष के लिए कार्ययोजना प्रस्तुत की है। इन 11 वर्षों ने सामाजिक और संस्कृतिक पक्ष के साथ ही सेवा, सुशासन के साथ आर्थिक मोर्चे पर देश को एक नई पहचान दी है।
शासन की नीति स्पष्टता, कार्य प्रणाली की पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही शासन की नई पहचान बनी है। विकास केवल नारे नहीं हैं। इन वर्षों ने विरासत और विकास का समन्वय करते हुए हुए देश को दुनिया में नई पहचान दिलाई। अब चेहरा देख कर नहीं बल्कि जरूरत देख कर सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाता है। मुख्यमंत्री योगी मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर भाजपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पिछले 11 साल में राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस को हमने देखा है। यह 11 साल का समय उस वक्त पूरा हो रहा है जब भारत की सामरिक शक्ति को पूरे विश्व ने देखा है। पाकिस्तान में टेस्टेड और दुनिया में ट्रस्टेड भारत की सैन्य शक्ति मानी गई है। कोई हम पर युद्ध थोपेगा तो उसका जवाब सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और आपरेशन सिंदूर से दिया जाएगा। अब भारत दुनिया में शांति की रट लगाने वाला देश नहीं है बल्कि युद्ध थोपने पर कड़ा जवाब देने वाला देश है।
देश को एक भारत श्रेष्ठ भारत के रूप में प्रस्तुत किया गया
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इन 11 वर्षों में भारत को एक भारत श्रेष्ठ भारत के रूप में प्रदर्शित किया गया है। विकसित भारत के लिए पंच प्रण और 11 संकल्प बताए गए हैं। 11 साल में भारत ने विकसित भारत की आधारशिला पंच प्रण के आधार पर रखी है। समावेशी विकास शुरू किए गए हैं। ढांचागत विकास का मॉडल बनाया है। तकनीक के उपयोग के माध्यम से भ्रष्टाचार पर काबू पाया गया।
पिछले 11 साल में जितना कुछ तकनीक के माध्यम से किया गया पिछले 65 साल में नहीं हो सका था। वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति जातिवाद को भी बढ़ावा देती है। ऐसी पुनरावृत्ति फिर ना हो जिसकी वजह से पहले देश को गुलाम होना पड़ा था। मोदी सरकार के कार्यकाल में महिलाओं का नेतृत्व बढ़ाया गया है।
सामाजिक न्याय के साथ ही अर्थव्यवस्था को मजबूत किया
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में हर हाल में आरक्षण की सुरक्षा की गई है। सामाजिक न्याय को सुरक्षित किया गया है। पिछले 11 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने नए भारत का दर्शन किया। पिछले 11 वर्ष में भारत ने 11वीं से चौथी अर्थव्यवस्था बनने का गौरव प्राप्त किया। हमने उस ब्रिटेन को पछाड़ा जो हम पर 200 साल तक राज कर चुका है। भारत ने अपनी प्रति व्यक्ति आय को 11 साल में दोगुना किया है। भारत का निर्यात कई गुना बढ़ा है। भारत की विकास दर जिस तरह बढ़ रही है उससे 2027 तक भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।
देश की विरासत को विकास के साथ जोड़ा
सीएम योगी ने मोदी सरकार के 11 साल पर दिया बयान
इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के 11 साल का कार्यकाल सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन को गति प्रदान करतीं प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, जन धन योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी अनेक लोक-कल्याणकारी पहलें आमजन के जीवन को सुगम, वंचित को सशक्त और व्यवस्था को परिणाम दायक बनाने के प्रति प्रधानमंत्री जी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं।
विरासत से विकास तक, मेट्रो की रफ्तार से सस्ती-सुगम हवाई यात्रा तक, वंदे भारत ट्रेनों से नए राजमार्गों तक, इंफ्रास्ट्रक्चर से इंडस्ट्री तक, कृषि से कॉमर्स तक, राष्ट्रीय सुरक्षा से सामाजिक सुरक्षा तक, सामाजिक समृद्धि से सामाजिक न्याय तक, भारत विविध क्षेत्रों में विकास की एक नई गाथा लिख रहा है। आस्था, अस्मिता, आजीविका और अर्थव्यवस्था के उत्कर्ष को सुनिश्चित करते सेवा के 11 साल भारत को महाशक्ति बनाने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
सभी जिला केंद्रों पर प्रदर्शनी लगाएगी भाजपा
इसके पहले, सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों से संवाद किया। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि सभी जिला केंद्रों पर भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 10-11 जून को सशक्त भारत-सुरक्षित भारत विषय पर प्रोफेशनल मीट और बदलता भारत-मेरा अनुभव विषय पर डिजिटल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया 12 से 14 जून तक मंडल स्तर पर विकसित भारत संकल्प सभा और 21 जून को मंडल स्तर पर योग शिविर आयोजित होंगे।
शक्ति केंद्र पर चौपाल लगाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान कार्ड के लिए पंजीकरण भी किया जाएगा। कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, पदाधिकारी, मंत्री, जनप्रतिनिधि, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला से लेकर बूथ तक के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.